Dainik Savera Times

US Flood : अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ से हाहाकार, 51 लोगों की मौत… 23 बच्चियां भी लापता

इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिका के टेक्सास राज्य में भारी बारिश के बाद ग्वाडालूप नदी में अचानक आई बाढ़ से अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा लगभग 27 लड़कियाँ लापता बताई जा रही हैं। ये लड़कियाँ एक समर कैंप में थीं, जो बाढ़ की चपेट में आ गया। वहीं अधिकारियों ने बताया कि सिर्फ 45 मिनट में ग्वाडालूप नदी का जलस्तर 26 फीट (लगभग 8 मीटर) तक बढ़ गया। इस तेजी से आई बाढ़ ने सभी को चौंका दिया और समर कैंप समेत कई इलाकों को डुबो दिया। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

समर कैंप में मौजूद थीं 750 लड़कियाँ

आपको बता दें कि बाढ़ से कैंप मिस्टिक, जो कि कर्विल के पास स्थित एक लड़कियों का समर कैंप है, पूरी तरह डूब गया। उस समय वहां 750 लड़कियाँ मौजूद थीं, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने बचा लिया। हालांकि, कई लड़कियाँ अब भी लापता हैं और रेस्क्यू अभियान जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अभी भी और बारिश और बाढ़ का खतरा बना हुआ है। धीमी गति से चल रहे तूफान के कारण अगले कुछ घंटों में और पानी गिरने की आशंका जताई जा रही है।

रेस्क्यू में हेलिकॉप्टर, नाव और ड्रोन की मदद

गवर्नर डैन पैट्रिक ने बताया कि बचाव कार्य में 9 बचाव दल, 14 हेलिकॉप्टर और 12 ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके साथ ही अब तक 850 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है। समर कैंप में बिजली नहीं है और कुछ बच्चे अब भी बचाव दल का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे हालात में प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और निर्देशों का पालन करने की अपील की है। कुछ लोगों को पेड़ों पर चढ़कर जान बचानी पड़ी, जिन्हें बाद में हेलिकॉप्टर और नावों की मदद से बचाया गया। केर काउंटी में बाढ़ के कारण काफी नुकसान हुआ है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बाढ़ को “भयानक” बताया और कहा कि संघीय सरकार की ओर से हरसंभव मदद दी जाएगी। उन्होंने यह बात एयर फोर्स वन विमान पर पत्रकारों से बात करते हुए कही। नेशनल वेदर सर्विस ने टेक्सास के हिल कंट्री क्षेत्र और केर काउंटी के कुछ हिस्सों के लिए फ्लैश फ्लड इमरजेंसी घोषित कर दी है। इससे साफ है कि खतरा अभी टला नहीं है।

लोग सोशल मीडिया पर मदद मांग रहे

केर काउंटी के शेरिफ कार्यालय के फेसबुक पेज पर लोग अपने लापता प्रियजनों की तस्वीरें पोस्ट कर रहे हैं और उन्हें खोजने में मदद की गुहार लगा रहे हैं। वहीं इस हादसे पर मौसम विज्ञानी ने बताया कि तूफान की वजह से अगले कुछ घंटों और रविवार सुबह तक भारी बारिश और बाढ़ की संभावना बनी रहेगी। लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है।

Exit mobile version