Site icon Dainik Savera Times

America Threat to Iran : अमेरिका पर हमला हुआ तो ऐसा जवाब देंगे जो पहले देखा भी नहीं होगा… ट्रंप ने ईरान को दी कड़ी चेतावनी

Donald Trump

इंटरनेशनल डेस्क : इजरायल और ईरान के बीच जारी खतरनाक युद्ध के माहौल के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर से खुली चेतावनी दी है। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि इजरायल के हमलों में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं है, लेकिन अगर ईरान ने अमेरिका पर किसी भी तरह का हमला किया, तो अमेरिका का जवाब इतना ताकतवर और खतरनाक होगा जो आज तक दुनिया ने कभी नहीं देखा होगा। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

अमेरिका शांति करवाने को तैयार…

आपको बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका आसानी से ईरान और इजरायल के बीच समझौता करवा सकता है और इस खूनी संघर्ष को रोका जा सकता है। हालांकि इसके लिए ईरान को कदम आगे बढ़ाने होंगे। ट्रंप की इस बात से यह संकेत मिलता है कि अमेरिका अभी तक सीधे युद्ध में शामिल नहीं होना चाहता, लेकिन वो स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

ट्रंप पहले भी दें चुके हैं चेतावनी

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने ईरान को सख्त शब्दों में चेतावनी दी है। इससे पहले भी उन्होंने ईरान को साफ शब्दों में कहा था कि अगर उसने कोई गलती की तो अंजाम उसकी सोच से कहीं ज्यादा भयानक होगा। ट्रंप ने यह भी कहा था कि अमेरिका के पास दुनिया की सबसे आधुनिक और खतरनाक सैन्य तकनीक और हथियार हैं, जिनमें से बहुत कुछ इजरायल को भी दिया गया है, और इजरायल जानता है कि इनका इस्तेमाल कैसे करना है।

ईरान को ‘दूसरा मौका‘ देने की बात

दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने पहले यह भी कहा था कि ईरान को अपने परमाणु कार्यक्रम पर रोक लगाने के लिए समझौते का रास्ता अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईरान के पास अब भी एक और मौका है जिससे वह बड़ी तबाही से बच सकता है। ट्रंप का मानना है कि इस संघर्ष को रोकने का अब भी विकल्प मौजूद है, बशर्ते ईरान कदम पीछे हटाए।

इजरायल का ऑपरेशन ‘राइजिंग लॉयन‘

वहीं दूसरी ओर, इजरायल ने अपने सैन्य अभियान को नाम दिया है – ऑपरेशन राइजिंग लॉयन। इस ऑपरेशन के तहत इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों, मिसाइल बेस, और सैन्य मुख्यालयों को निशाना बनाना शुरू किया है। इजरायल ने हमलों में ईरान के कई प्रमुख परमाणु वैज्ञानिकों और सैन्य कमांडरों को भी मार गिराया है।

ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक…

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ कहा है कि यह ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक हम अपने सभी लक्ष्य हासिल नहीं कर लेते। इस बयान से साफ है कि इजरायल पीछे हटने के मूड में नहीं है।

ट्रंप का ईरान को दो टूक…

डोनाल्ड ट्रंप की बयानबाजी से साफ है कि अमेरिका भले ही सीधे तौर पर इस युद्ध में शामिल न हो, लेकिन वह हर स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है। ट्रंप ने ईरान को दो टूक कहा है कि अगर अमेरिका को निशाना बनाया गया तो जवाब बेहद कड़ा और इतिहास में दर्ज होने वाला होगा। वहीं इजरायल अपने सैन्य ऑपरेशन को पूरी आक्रामकता से आगे बढ़ा रहा है, जिससे साफ है कि यह युद्ध अब एक लंबे और खतरनाक टकराव में बदल सकता है।

Exit mobile version