VANDE BHARAT EXPRESS : देश की सबसे पहली सेमी हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। उत्तर प्रदेश में चल रही अधिकतर वंदे भारत ट्रेनों पर अब तक कई बार पत्थर फेंके जा चुके हैं। इन घटनाओं में सबसे ज्यादा निशाना वंदे भारत एक्सप्रेस ही बनी है। वहीं, ताजा मामला शनिवार शाम को अयोध्या से आनंद विहार जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही लखनऊ के पास आलमबाग वेस्ट केबिन के करीब पहुंची, उसी वक्त 22425 अयोध्या-आनंद विहार वंदे भारत ट्रेन के कोच संख्या C-11 की खिड़की पर अचानक पत्थर आकर लगा। यह पत्थर सीट नंबर 30, 31 और 32 के सामने की खिड़की से टकराया और शीशा टूट गया। इस घटना से कोच में सफर कर रहे यात्री डर गए।
आरपीएफ कंट्रोल रूम में दर्ज कराई गई शिकायत
कोच में सफर कर रहे यात्री निर्मेष ने तुरंत घटना की जानकारी रेलवे पुलिस (RPF) को दी। RPF ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए यार्ड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हालांकि अब तक रेलवे के जिम्मेदार अफसर इस पर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

देशभर में शरारती तत्वों की हो रही हरकतें
पथराव की घटनाएं सिर्फ यूपी तक सीमित नहीं हैं। बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक जैसे राज्यों में भी वंदे भारत ट्रेनों पर पथराव हो चुका है। कुछ मामलों में आरोपी नाबालिग पाए गए जिन्हें हिरासत में लिया गया।
RPF जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
उत्तर रेलवे के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक (Senior DCM) कुलदीप तिवारी ने कहा कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली, आरपीएफ को जांच सौंप दी गई। CCTV फुटेज खंगाली जा रही है और पथराव करने वालों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।