Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

वंदे भारत ट्रेन भटका मार्ग, गोवा की जगह पहुंचा कल्याण…

December 23, 2024

वंदे भारत ट्रेन भटका मार्ग, गोवा की जगह पहुंचा कल्याण…

महाराष्ट्र :  वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के बारे में अक्सर तरह-तरह की खबरें सामने आती रहती हैं। कभी ट्रेन के किचन को लेकर तो कभी अन्य कारणों से चर्चा होती है। लेकिन आज एक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल से मडगांव जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई। यह घटना एक तकनीकी खराबी के कारण हुई, जिससे ट्रेन अपने सामान्य मार्ग से हटकर दूसरे रास्ते पर चल पड़ी। इस वजह से ट्रेन की यात्रा में 90 मिनट की देरी हुई। अब चलिए, हम आपको इस घटना की पूरी जानकारी देते हैं।

सिग्नलिंग और दूरसंचार प्रणाली में गड़बड़ी

बता दें कि मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, यह घटना दिवा जंक्शन पर डाउन फास्ट लाइन और पांचवीं लाइन के बीच सिग्नलिंग और दूरसंचार प्रणाली में गड़बड़ी की वजह से हुई। आमतौर पर कोंकण जाने वाली ट्रेनें पनवेल स्टेशन के रास्ते पर जाती हैं, लेकिन इस बार ट्रेन सुबह छह बजकर 10 मिनट पर कल्याण की ओर मुड़ गई।

वंदे भारत ट्रेन की यात्रा में देरी

जब ट्रेन दूसरे रास्ते पर मुड़ी, तो मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाओं में भी देरी हुई। वंदे भारत एक्सप्रेस को लगभग 35 मिनट तक दिवा जंक्शन पर रोका गया, फिर यह ट्रेन कल्याण स्टेशन की ओर रवाना हुई। इस दौरान ट्रेन का समय भी प्रभावित हुआ। ट्रेन लगभग 7 बजकर 4 मिनट पर कल्याण स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंची और फिर सात बजकर 13 मिनट पर इसे दिवा स्टेशन पर वापस लाया गया।

वापस सही मार्ग पर आई वंदे भारत ट्रेन

वंदे भारत एक्सप्रेस को दिवा स्टेशन पर वापस लाया गया और फिर ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर मडगांव के लिए आगे बढ़ी। यह घटना सुबह 6:10 बजे से लेकर 7:13 बजे के बीच हुई।

सीएसएमटी-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन

वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जून 2023 में शुरू की गई थी और यह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल से सुबह 5:25 बजे रवाना होती है। ट्रेन का मडगांव पहुंचने का समय दोपहर 1:10 बजे है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाएं मुंबई उपनगरीय स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली में बहुत कम होती हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें