Site icon Dainik Savera Times

VIDEO : कुदरत ने की कैदियों की मदद, ढह गई पाकिस्तान के जेल की दीवारें… 216 कैदी हुए फरार

कराची। सोमवार देर रात पाकिस्तान के कराची शहर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के चलते कराची की मालिर जेल में कैदियों को सुरक्षा के लिए उनकी बैरकों (कमरों) से बाहर निकाला गया। जैसे ही कैदियों को मेन गेट के पास लाया गया, कुछ कैदियों ने इसका फायदा उठाया और जेल से भाग गए।

कैदियों को निकाला गया था एहतियात के तौर पर
जेल प्रशासन ने बताया कि जब भूकंप आया तो सुरक्षा के लिहाज से सर्कल नंबर 4 और 5 के कैदियों को बाहर निकाला गया। उस समय लगभग 600 से ज्यादा कैदी बाहर मौजूद थे। इसी दौरान अराजकता फैल गई और इसी भीड़ का फायदा उठाकर 216 कैदी भाग निकले।

80 से ज्यादा कैदी पकड़ लिए गए, 135 अब भी फरार
जेल सुपरिटेंडेंट अरशद शाह के अनुसार, अब तक 80 से ज्यादा कैदियों को फिर से पकड़ लिया गया है, लेकिन 135 से ज्यादा कैदी अभी भी फरार हैं। इनकी तलाश के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार छापेमारी कर रही हैं।

 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में गोलीबारी की आवाजें सुनी जा सकती हैं, जो मालिर जेल के आसपास के इलाकों से आ रही हैं। कुछ वीडियो में कैदी सड़क पर भागते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

सिंध सरकार ने इसे गंभीर घटना बताया
सिंध प्रांत के गृह मंत्री जिया-उल-हसन लंजर ने इस घटना को हाल के वर्षों की सबसे बड़ी जेल ब्रेक बताया। उन्होंने बताया कि जब भूकंप के बाद कैदियों को मेन गेट के पास लाया गया, तो करीब 700 से 1,000 कैदी वहां जमा हो गए थे। इस दौरान लगभग 100 कैदियों ने गेट को जबरन खोलकर भागने की कोशिश की।

जेल की दीवार पहले से कमजोर थी
पाकिस्तानी मीडिया हाउस ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कैदियों ने जेल की बाहरी दीवार तोड़कर भागने का रास्ता बनाया। ये दीवार पिछले कुछ दिनों से आ रहे छोटे-छोटे भूकंप के कारण पहले से ही कमजोर हो चुकी थी।

Exit mobile version