Dainik Savera Times

नीतीश कटारा हत्याकांड के दोषी विकास यादव ने हर्षिका से की शादी, सामने आईं विवाह की तस्वीरें

नेशनल डेस्क। पूर्व सांसद और उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता डीपी यादव के बड़े बेटे विकास यादव की शादी 5 सितंबर 2025 को हर्षिका यादव से हुई। यह विवाह गाजियाबाद के राजनगर स्थित उनके घर पर हुआ। शादी का आयोजन बहुत साधारण तरीके से किया गया जिसमें सिर्फ करीबी रिश्तेदार मौजूद थे, परिवार ने इसे अपने गाजियाबाद के राजनगर स्थित घर पर ही आयोजित किया। पूरे विवाह की रस्में आर्य समाज की वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूरी की गईं।

आपको बताते चलें कि विकास यादव इस समय नीतीश कटारा हत्याकांड के मामले में जेल की सजा काट रहे हैं। वे उम्रकैद की सजा पा चुके हैं। शादी के कारण उनकी परोल खत्म हो रही थी, लेकिन अदालत ने शादी की वजह से परोल बढ़ा दी। 1 सितंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने भी विकास यादव को राहत देते हुए 7 दिन की अंतरिम जमानत बढ़ाई थी।

30 साल की दुल्हन बनीं हर्षिका यादव
विकास यादव की जीवनसंगिनी हर्षिका यादव मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद की रहने वाली हैं। उनकी उम्र 30 साल है। हर्षिका के पिता सरकारी शिक्षक हैं। वह एक साधारण और संस्कारी परिवार से आती हैं। हर्षिका शुरू से ही पढ़ाई में बहुत मेधावी रही हैं। उन्होंने  बीएससी (स्नातक), बीटीसी (शिक्षा प्रशिक्षण), एमएससी (स्नातकोत्तर) की पढ़ाई पूरी की है। इसके अलावा उन्होंने टीईटी परीक्षा भी पास कर ली है और फिलहाल एक इंटर कॉलेज में अध्यापक के रूप में कार्यरत हैं।

परिवार ने किया बहू का स्वागत
शादी के बाद परिवार ने हर्षिका का स्वागत पारंपरिक ढंग से किया। घर में बहू के आगमन पर पारिवारिक रीति-रिवाज निभाए गए और सबने मिलकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।

नीतीश कटारा हत्याकांड क्या था?
फरवरी 2002 में दिल्ली के व्यापारी के बेटे नीतीश कटारा की हत्या कर दी गई थी। नीतीश की दोस्ती डीपी यादव की बेटी भारती यादव से थी। यह रिश्ता भारती के भाइयों विकास यादव और विशाल यादव को पसंद नहीं था। इसी वजह से नीतीश का अपहरण करके हत्या कर दी गई। अदालतों ने इसे ऑनर किलिंग (इज्जत की खातिर हत्या) का मामला माना।

अदालतों ने सुनाया था ये फैसला
2008 में निचली अदालत ने विकास और विशाल यादव को उम्रकैद की सजा सुनाई। 2011 में दिल्ली हाईकोर्ट ने इस सज़ा को बरकरार रखा, लेकिन उम्रकैद को घटाकर 25 साल की सज़ा कर दिया। 2015 में सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट का फैसला सही ठहराया। 2016 में सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि दोनों को 25-25 साल जेल में रहना होगा।

लंबे समय से जेल में, बीच-बीच में मिली राहत
सुप्रीम कोर्ट ने अप्रैल 2025 में विकास यादव को अंतरिम जमानत दी थी। मई 2025 में यह जमानत पहले 4 हफ्ते और फिर 2 हफ्तों के लिए बढ़ाई गई। सितंबर में उनकी शादी के लिए कोर्ट ने परोल बढ़ाई, जिससे वह शादी समारोह में शामिल हो सके।

 

Exit mobile version