Site icon Dainik Savera Times

चुनाव में मिली जीत के बाद Vladimir Putin का बड़ा बयान, कहा- Ukraine में अपने आक्रमण से पीछे नहीं हटेगा रूस, बनाएगा ‘बफर जोन’

मॉस्कोः रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चुनाव में मिली बड़ी जीत के बाद कहा कि मॉस्को यूक्रेन में अपने आक्रमण से पीछे नहीं हटेगा और उसकी यूक्रेन के लंबी दूरी के और सीमा पार हमलों से रक्षा करने के लिए एक ‘बफर जोन’ बनाने की योजना है। रूस की सेना ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में प्रगति की है लेकिन यह प्रगति धीमी रही है और महंगी साबित हुई है। यूक्रेन ने रूस में तेल रिफाइनरी और डिपो को निशाना बनाने के लिए अपने लंबी दूरी के हथियारों का इस्तेमाल किया है। यूक्रेन में स्थित क्रेमलिन के प्रतिद्वंद्वियों के एक समूह ने सीमा पार हमले भी शुरू किए हैं।

पुतिन ने कहा, कि ‘हम जरूरी होने पर यूक्रेनी सरकार द्वारा नियंत्रित क्षेत्रों पर कुछ सुरक्षित क्षेत्र बनाने पर विचार करेंगे।’’ पुतिन ने कहा कि इस ‘सुरक्षित क्षेत्र’ (बफर जोन) में दुश्मन के पास उपलब्ध विदेशी हथियारों का इस्तेमाल कर घुसना मुश्किल होगा। रूस के केंद्रीय चुनाव आयोग ने सोमवार को कहा था कि देश में हुए राष्ट्रपति पद के चुनाव में व्लादिमीर पुतिन ने जीत दर्ज की है और उन्होंने रिकॉर्ड मत प्रतिशत के साथ राष्ट्रपति पद का पांचवां कार्यकाल हासिल किया है। पुतिन ने पश्चिमी देशों को यूक्रेन में सैन्य बलों को तैनात करने के खिलाफ एक बार फिर चेतावनी दी। उन्होंने आगाह किया कि रूस और नाटो के बीच एक संभावित संघर्ष से दुनिया तीसरे विश्व युद्ध से महज ‘‘एक कदम पीछे’’ रह जाएगी।

गौरतलब है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने हाल में कहा था कि यूक्रेन में पश्चिमी सेना भेजने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। कीव के साथ शांति वार्ता की संभावनाओं पर पुतिन ने दोहराया कि रूस बातचीत के लिए तैयार है लेकिन वह ऐसे युद्धविराम के झांसे में नहीं आएगा जिससे यूक्रेन को फिर से हथियारबंद होने में मदद मिले।

Exit mobile version