Site icon Dainik Savera Times

Air India crash: ‘क्या एयर इंडिया दुर्घटना एक साइबर हमला था?’ संजय राउत ने उठाए सवाल

नई दिल्ली: अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं। इस हादसे में 241 लोगों की मौत हो गई थी।

क्या बोले संजय राउत?
शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में राउत ने कहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं हो सकता, इसमें कोई तोड़फोड़ या साइबर हमला भी हो सकता है। उन्होंने कहा, “मैं तकनीकी विशेषज्ञ नहीं हूं, लेकिन अहमदाबाद से उड़ान भरने के सिर्फ 30 सेकंड के अंदर विमान गिर गया, ये बहुत गंभीर मामला है। क्या यह दुश्मन देश द्वारा भारत के विमान सिस्टम पर साइबर हमला हो सकता है? ऐसे हमले पहले भी भारत के सैन्य ठिकानों पर हुए हैं।”

विमान की देखरेख और रखरखाव पर भी सवाल
संजय राउत ने पूछा, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विमान की देखरेख किसके जिम्मे थी? विमान के टेक ऑफ के तुरंत बाद ही हादसा क्यों हुआ? क्या विमान की सही तरीके से जांच नहीं हुई थी? उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब बोइंग विमान सौदे हुए थे, तब भाजपा इसका विरोध कर रही थी, और उस वक्त प्रफुल्ल पटेल नागरिक उड्डयन मंत्री थे।

सरकार ने बनाई जांच समिति
इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए भारत सरकार ने एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की है। इस समिति में होंगे, गृह सचिव (चेयरमैन), नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारतीय वायु सेना और विमानन के तकनीकी विशेषज्ञ।

जांच समिति क्या करेगी?
हादसे की वास्तविक वजहों का पता लगाएगी। फ्लाइट डेटा, कॉकपिट रिकॉर्डिंग, एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) रिकॉर्ड और चश्मदीद गवाहों के बयान की जांच करेगी। मौजूदा एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) की समीक्षा करेगी। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को कैसे रोका जाए, इस पर सुझाव देगी। बचाव कार्य और इमरजेंसी रिस्पॉन्स की भी जांच होगी कि कैसे और कितना प्रभावी रहा। समिति को तीन महीने में अपनी रिपोर्ट देनी है। इस रिपोर्ट में अंतरराष्ट्रीय स्तर के नियमों और अच्छे उपायों को शामिल करते हुए नए दिशा-निर्देश बनाए जाएंगे।

Exit mobile version