स्पोर्ट डेस्क : क्रिकेट जगत से एक बेहद ही दुखद खबर सामने आई है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और दिग्गज बल्लेबाज़ कीथ स्टैकपोल का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और क्रिकेट विक्टोरिया ने स्टैकपोल के योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि हम सभी पूर्व ऑस्ट्रेलियाई और विक्टोरियन क्रिकेटर कीथ स्टैकपोल के निधन पर शोक प्रकट करते हैं। उन्होंने क्रिकेट को जुनून, साहस और सम्मान के साथ खेला। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
इंटरनेशनल करियर की शुरुआत
आपको बता दें कि कीथ स्टैकपोल ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत साल 1966 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच से की थी। यह मुकाबला 28 जनवरी को हुआ था। शुरुआत में वह एक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज़ और लेग स्पिन गेंदबाज़ के रूप में खेले। लेकिन जल्द ही उनके खेल को देखते हुए उन्हें ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज़ की भूमिका दी गई, जहाँ उन्होंने बिल लॉरी के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी निभाई। उनकी तकनीक और धैर्य ने उन्हें टीम का अहम हिस्सा बना दिया।

टेस्ट क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
कीथ स्टैकपोल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए कुल 43 टेस्ट मैच खेले, जिनमें उन्होंने 2807 रन बनाए और 15 विकेट अपने नाम किए। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 7 शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं। वह एक बहुमुखी खिलाड़ी थे, जो बल्लेबाज़ी के साथ-साथ लेग स्पिन गेंदबाज़ी में भी निपुण थे। उनका प्रदर्शन उन्हें उस दौर के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल करता है।
पहले वनडे मैच में भी निभाई अहम भूमिका
स्टैकपोल ने 1971 में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए इतिहास के पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में भी हिस्सा लिया था। यह मुकाबला मेलबर्न में खेला गया था। उन्होंने इस मैच में तीन विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। इस ऐतिहासिक मैच का हिस्सा बनना उनके करियर की एक खास उपलब्धि मानी जाती है।
एशेज सीरीज में दिखाया कमाल
कीथ स्टैकपोल का सबसे शानदार प्रदर्शन एशेज सीरीज में देखने को मिला। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ कुल 13 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 50.6 की औसत से 1164 रन बनाए। ब्रिस्बेन में 1970 में खेली गई उनकी 207 रन की पारी आज भी याद की जाती है, जो उनका टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। साल 1972 में जब इयान चैपल टीम के कप्तान बने, तो स्टैकपोल को उप-कप्तान बनाया गया। उसी एशेज सीरीज में उन्होंने 485 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए 1973 में उन्हें प्रतिष्ठित “विज़डन क्रिकेटर ऑफ द ईयर” का सम्मान भी मिला।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी बेहतरीन प्रदर्शन
कीथ स्टैकपोल ने सिर्फ अंतरराष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 10,000 से ज्यादा रन बनाए और 148 विकेट भी झटके। उनका खेल पर गहरा ज्ञान और हर परिस्थिति में टिके रहने की क्षमता उन्हें एक संपूर्ण खिलाड़ी बनाती थी।
क्रिकेट जगत ने दी श्रद्धांजलि
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष माइक बेयर्ड ने स्टैकपोल को याद करते हुए कहा कि कीथ क्रिकेट के सबसे महान योगदानकर्ताओं में से एक थे और उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। वहीं, क्रिकेट विक्टोरिया के अध्यक्ष रॉस हेपबर्न ने कहा कि स्टैकपोल खेल के सच्चे दिग्गज थे। क्रीज पर उनका साहस और खेल की समझ उन्हें अपने समय का सबसे सम्मानित खिलाड़ी बनाती थी।
एक प्रेरणादायक क्रिकेटर की याद
कीथ स्टैकपोल का जीवन क्रिकेट के प्रति समर्पण और सम्मान की मिसाल है। उन्होंने मैदान पर हमेशा अपनी टीम के लिए सब कुछ दिया और अपने प्रदर्शन से करोड़ों प्रशंसकों के दिलों में जगह बनाई। उनका जाना क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी क्षति है, लेकिन उनकी यादें और योगदान हमेशा जीवित रहेंगे।