Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘हमने वोट चोरी पकड़ी, अब चोरों को भी पकड़ेंगे’, राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप

September 24, 2025

‘हमने वोट चोरी पकड़ी, अब चोरों को भी पकड़ेंगे’, राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप

नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कर्नाटक के अलंद इलाके में 6000 से ज्यादा वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की गई थी।

राहुल गांधी साझा की मीडिया रिपोर्ट

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर एक मीडिया रिपोर्ट शेयर करते हुए लिखा, “ज्ञानेश जी, हमने चोरी पकड़ी और तभी आपको ताला लगाने की याद आई – अब हम चोरों को भी पकड़ेंगे। तो बताइए, आप सीआईडी को सबूत कब देंगे?” कांग्रेस नेता का कहना है कि चुनाव आयोग ने कोई भी कार्रवाई तब तक नहीं की जब तक उन्होंने खुद इस “वोट चोरी” की बात नहीं उठाई।

उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि जो भी सबूत हैं, उन्हें सीआईडी (क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट) को सौंपा जाए। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। आयोग का कहना है कि आम लोग ऑनलाइन वोट नहीं हटा सकते और सब कुछ नियमों के अनुसार किया गया है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी साधा निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। पटना में हुई कांग्रेस की एक बड़ी बैठक में उन्होंने कहा कि देशभर में वोटरों के नाम हटाने की एक “साजिश” चल रही है। खड़गे ने कहा, “लोकतंत्र की नींव निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव होते हैं, लेकिन आज चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर ही सवाल उठ रहे हैं। अलग-अलग राज्यों में वोटरों के नाम हटाए जा रहे हैं, और चुनाव आयोग हमसे ही हलफनामा मांग रहा है!”

उन्होंने ये भी कहा कि जैसे बिहार में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण (SIR) हुआ, उसी तरह अब पूरे देश में लाखों लोगों के वोट काटे जा रहे हैं। उनका आरोप है कि वोट चोरी का मतलब है – दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और गरीब वर्गों को उनके हक से वंचित करना, जैसे कि राशन, पेंशन, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाएं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें