Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IMD Weather Alert : देशभर में सक्रिय हुआ मानसून, कई राज्यों में होगी झमाझम बारिश… IMD ने जारी किया अलर्ट

June 18, 2025

IMD Weather Alert : देशभर में सक्रिय हुआ मानसून, कई राज्यों में होगी झमाझम बारिश… IMD ने जारी किया अलर्ट

नेशनल डेस्क : देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। बीते 24 घंटों में महाराष्ट्र, दिल्ली समेत कई राज्यों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए और भी राज्यों में तेज बारिश की संभावना जताई है। कई राज्यों में चेतावनी के तौर पर रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

रेड अलर्ट वाले राज्य

आपको बता दें कि मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल, तटीय कर्नाटक, केरल और गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी के साथ रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, असम और मेघालय में अगले दो दिनों तक मूसलाधार बारिश हो सकती है, इसलिए इन राज्यों में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जगहों पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

18 जून को कहां होगी भारी बारिश?

18 जून को गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में भी बारिश का दौर अगले पांच दिनों तक जारी रह सकता है। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्य प्रदेश में तेज बारिश के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

आने वाले दिनों में बारिश का पूर्वानुमान

18 से 20 जून के बीच गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के अधिकांश इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, 18 और 19 जून को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक में भी अच्छी बारिश हो सकती है। 19 से 22 जून के बीच पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 और 20 जून को तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 और 21 जून को भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR का मौसम

दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार रात को बारिश हुई, जिससे मौसम कुछ हद तक ठंडा हुआ। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिन या रात में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश में भी बारिश की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के मंडी और शिमला जिलों के लिए शनिवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट दिया गया है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य लगभग सभी जिलों में बुधवार से शनिवार तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

नागरिकों के लिए सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने साफ किया है कि देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिन मौसम बिगड़ा रह सकता है। लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे मौसम की चेतावनियों पर ध्यान दें और यदि जरूरी न हो तो भारी बारिश के समय घर से बाहर न निकलें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें