Site icon Dainik Savera Times

Operation Sindoor : कौन हैं कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका… जिन्होंने दुनिया के सामने खोल दी PAK की पोल

नेशनल डेस्क : 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओके) में स्थित आतंकवादी ठिकानों पर एक सटीक और संगठित हवाई हमला किया। यह हमला मंगलवार और बुधवार की रात को किया गया, जिसे “ऑपरेशन सिंदूर” नाम दिया गया। यह अभियान भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना का संयुक्त प्रयास था, जिसमें नौ आतंकी शिविरों को निशाना बनाकर नष्ट किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य पहलगाम हमले में मारे गए मासूम नागरिकों को न्याय दिलाना और आतंक के ढांचे को जड़ से खत्म करना था। वहीं अब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा, विंग कमांडर व्योमिका सिंह, विक्रम मिसरी और कर्नल सोफिया कुरैशी शामिल होंगी। इस बीच आइए जानते है कि कौन है कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला शक्ति की उपस्थिति

इस ऑपरेशन की जानकारी बुधवार सुबह आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई। खास बात यह रही कि प्रेस कॉन्फ्रेंस को भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने संबोधित किया। इन दोनों महिला अधिकारियों ने न सिर्फ ऑपरेशन की रणनीति और परिणामों की जानकारी दी, बल्कि यह भी बताया कि कैसे नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सटीक हमले किए गए। दोनों ने स्पष्ट रूप से पाकिस्तान की भूमिका और आतंकवाद को समर्थन देने वाली उसकी नीति को उजागर किया।

कर्नल सोफिया कुरैशी…

कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना में लंबे समय से सेवा दे रही हैं और उन्होंने कई ऐतिहासिक जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह पुणे में आयोजित बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘एक्सरसाइज फोर्स 18’ में भारतीय सेना की टुकड़ी की कमान संभालने वाली पहली महिला अधिकारी रही हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और पीओके में पिछले तीन दशकों से आतंकी ढांचे बनाए जा रहे हैं और भारत ने इन पर हमला कर उन नेटवर्क्स को तोड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उन निर्दोष लोगों को न्याय दिलाने का एक तरीका है जिन्हें सिर्फ भारत के पर्यटन और विकास को नुकसान पहुंचाने के लिए मारा गया।

विंग कमांडर व्योमिका सिंह…

विंग कमांडर व्योमिका सिंह बचपन से ही वायुसेना में जाना चाहती थीं और आज वह भारतीय वायुसेना की एक अनुभवी हेलीकॉप्टर पायलट हैं। उन्होंने अब तक ढाई हजार से अधिक घंटे की उड़ान का अनुभव प्राप्त किया है और पूर्वोत्तर भारत व जम्मू-कश्मीर जैसे कठिन क्षेत्रों में सेवा दे चुकी हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्योमिका सिंह ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर को इस तरह से अंजाम दिया गया ताकि किसी भी नागरिक संरचना या निर्दोष व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह हमला सिर्फ आतंकवाद के खिलाफ था और हमने हर कदम सोच-समझकर उठाया।

आतंकवाद को नहीं मिलेगी पनाह

इस पूरे अभियान से भारत ने एक बार फिर दुनिया को यह संदेश दिया है कि वह आतंकवाद के खिलाफ किसी भी हद तक जा सकता है। पहलगाम हमले जैसे क्रूर कृत्यों का जवाब अब सिर्फ शब्दों से नहीं, ठोस सैन्य कार्रवाई से दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर यह दिखाता है कि भारत न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानता है, बल्कि आतंक के खिलाफ दुनिया भर को एकजुट करने की दिशा में भी अग्रसर है।

Exit mobile version