Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

ट्रंप को सरपंच किसने बनाया?, भारत-पाक मसले पर संजय राउत ने अमेरिका को सुनाई खरी खरी

May 12, 2025

ट्रंप को सरपंच किसने बनाया?, भारत-पाक मसले पर संजय राउत ने अमेरिका को सुनाई खरी खरी

नेशनल डेस्क: शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर जैसे मुद्दों पर किसी तीसरे देश की मदद या दखल की जरूरत नहीं है। उन्होंने सवाल किया, “ट्रंप को सरपंच किसने बनाया? क्या हमने उन्हें चौधरी बनाया है?”

क्या है मामला?
रविवार को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट डाली, जिसमें उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच शांति बनना एक बड़ी उपलब्धि है और अगर ऐसा नहीं होता तो लाखों लोगों की जान जा सकती थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने इस शांति को लाने में मदद की है और वह कश्मीर मसले पर मध्यस्थता करना चाहते हैं।

इस पर संजय राउत ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा, ”भारत और पाकिस्तान के बीच शिमला समझौता है, जिसमें साफ लिखा है कि कोई तीसरा देश हस्तक्षेप नहीं करेगा। हमारे सशस्त्र बल पूरी तरह सक्षम हैं, चाहे राजनीतिक नेतृत्व कभी-कभी कमजोर क्यों न हो। ट्रंप को यह अधिकार किसने दिया कि वह भारत-पाक के मुद्दे में टांग अड़ाएं?”

ट्रंप ने क्या कहा था?
डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मुझे भारत और पाकिस्तान के नेताओं पर गर्व है कि उन्होंने समझदारी और धैर्य दिखाया। अगर यह तनाव नहीं रुकता, तो लाखों निर्दोष लोगों की मौत हो सकती थी। अमेरिका ने इस शांति में मदद की है, और मैं आगे भी कश्मीर मसले पर समाधान के लिए दोनों देशों की मदद करना चाहता हूं।” उन्होंने दोनों देशों के साथ व्यापार बढ़ाने की बात भी कही और लिखा कि अमेरिका उनके साथ मिलकर “हजार साल पुराने कश्मीर विवाद” का हल ढूंढ़ने को तैयार है।

भारत की क्या राय है?
भारत सरकार पहले ही कई बार यह साफ कर चुकी है कि जम्मू-कश्मीर भारत का आंतरिक और अभिन्न हिस्सा है। इस मुद्दे पर किसी तीसरे देश की मध्यस्थता नहीं मानी जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें