नई दिल्ली: लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद को लेकर एक बार फिर पाकिस्तान में हलचल मच गई है। इस बार खुद उसका बेटा तल्हा सईद सामने आया है और उसने साफ कहा है कि पाकिस्तान कभी भी हाफिज सईद को भारत के हवाले नहीं करेगा। उसने यह बयान एक इंटरव्यू के दौरान दिया, जिसकी वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
क्या कहा तल्हा सईद ने?
एक पाकिस्तानी मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में तल्हा सईद ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि पाकिस्तान सरकार और उसकी एजेंसियां कभी भी मेरे पिता को भारत को नहीं सौंपेंगी। भारत ने हमारे खिलाफ एक झूठा नैरेटिव खड़ा किया है, लेकिन सच्चाई पाकिस्तान सरकार को अच्छी तरह मालूम है।” तल्हा ने यह भी कहा कि हाफिज सईद का स्वास्थ्य अब पहले जैसा नहीं रहा, और इसी वजह से अब वह (तल्हा) खुद आगे आकर संगठन की गतिविधियों में शामिल हो रहा है।
पाकिस्तान की सुरक्षा में रह रहा है हाफिज
तल्हा सईद ने दावा किया कि हाफिज सईद पूरी तरह पाकिस्तान सरकार की सुरक्षा में है और आराम की जिंदगी बिता रहा है। यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत लगातार वर्षों से हाफिज सईद को अपने हवाले करने की मांग करता रहा है। भारत का मानना है कि मुंबई 26/11 हमलों के पीछे हाफिज सईद का हाथ था।
क्यों बढ़ी तल्हा की सक्रियता?
हाल के महीनों में तल्हा सईद की गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। वह धार्मिक और राजनीतिक मंचों पर लगातार नजर आ रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि यह सब हाफिज सईद के कमजोर स्वास्थ्य के चलते हो रहा है, और तल्हा खुद को अगला नेता बनाने की तैयारी में है।

