Site icon Dainik Savera Times

Video : महिला ने तेलंगाना में रेलवे ट्रैक पर दौड़ाई कार, मची अफरा-तफरी… 15 ट्रेनों का बदला रूट

नेशनल डेस्क : तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में, हैदराबाद के पास शंकरपल्ली इलाके में गुरुवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब एक महिला ने अपनी कार को रेलवे ट्रैक पर दौड़ा दिया। इस घटना से रेलवे कर्मचारी, स्थानीय लोग और यात्री सब चौंक गए। जानकारी के मुताबिक, महिला का नाम वॉमिका सोनी है और वो नशे की हालत में थी।जब रेलवे कर्मचारी और स्थानीय लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वॉमिका ने चाकू दिखाया और पत्थर फेंके। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

6 KM तक पटरियों पर दौड़ाई कार

आपको बता दें कि महिला की पहचान वॉमिका सोनी के रूप में हुई है, जो लखनऊ की रहने वाली है और हाल ही में हैदराबाद में अपनी आईटी सेक्टर की नौकरी खो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, वॉमिका नशे की हालत में थी और उसने कोडंगल गेट के पास नरसिंगी से ट्रैक पर घुसकर करीब 6-7 किलोमीटर तक कार चलाई। रेलवे कर्मचारी और स्थानीय लोग उसे रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन वॉमिका ने चाकू दिखाकर और पत्थर फेंककर उन्हें धमकाया। अंत में कार ट्रैक से फिसलकर पेड़ों से टकरा गई जिससे कार के शीशे टूट गए और मामला काबू में आया।

रेलवे सेवाएं बाधित, यात्रियों को भारी परेशानी

इस खतरनाक हरकत के कारण बेंगलुरु-हैदराबाद रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई। रेलवे को 10-15 ट्रेनों को डायवर्ट करना पड़ा। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। घटना का 13 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक किआ सोनेट कार रेल की पटरियों पर तेजी से दौड़ रही है। इस वीडियो ने सभी को चौंका दिया और मामला देशभर में चर्चा का विषय बन गया।

क्या सोशल मीडिया रील बनाने की कोशिश थी?

पुलिस के अनुसार, वॉमिका मानसिक रूप से अस्थिर लग रही है। उसे चेवेल्ला के सरकारी अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में संदेह है कि वह शायद सोशल मीडिया पर रील या वीडियो बनाने की कोशिश कर रही थी ताकि वायरल हो सके।

रेलवे पुलिस ने माना गंभीर सुरक्षा उल्लंघन

रेलवे पुलिस ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा उल्लंघन बताया है और पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है। यह देखा जा रहा है कि आखिर महिला रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची और रोकने की कोशिशों के बावजूद वह इतनी दूरी तक कैसे कार चला पाई। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

लापरवाही या मानसिक अस्थिरता?

यह घटना सिर्फ एक सड़क दुर्घटना या मज़ाक नहीं है, बल्कि एक गंभीर सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य का मुद्दा है। रेलवे ट्रैक पर कार चलाना खुद के और हजारों यात्रियों के जीवन से खिलवाड़ है। पुलिस अब यह जानने में जुटी है कि यह घटना जानबूझकर की गई थी या मानसिक संतुलन खोने के कारण हुई।

Exit mobile version