Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Yogesh Mahajan Death: फोन नहीं उठाया, फिर तोड़ा होटल का दरवाजा, बेसुध मिला एक्टर… जानिए क्या है पूरा मामला

January 20, 2025

Yogesh Mahajan Death: फोन नहीं उठाया, फिर तोड़ा होटल का दरवाजा, बेसुध मिला एक्टर… जानिए क्या है पूरा मामला

नेशनल डेस्क :  मराठी फिल्मों और हिंदी धारावाहिकों में अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता योगेश महाजन का निधन हो गया है। 19 जनवरी 2025 को उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी अचानक मौत हो गई। उनकी आकस्मिक मृत्यु से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।

परिवार की ओर से सूचना

दरअसल, योगेश महाजन के परिवार ने उनके निधन की खबर दी और लिखा, “हमें बड़े दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि अचानक हमारे चहेते योगेश महाजन की मृत्यु हो गई। 19 जनवरी को उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनका निधन हो गया। यह हमारे परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों के लिए एक बड़ा सदमा है।” योगेश महाजन की अंतिम यात्रा 20 जनवरी 2025 को 11 बजे मुंबई के बोरिवली वेस्ट स्थित गोरारी-2 शमशान भूमि से शुरू होगी। अंतिम यात्रा का आयोजन प्रगति हाई स्कूल के पास किया जाएगा।

उमरगांव में लिया अंतिम सांस

आपको बता दें कि योगेश महाजन इन दिनों ‘शिव शक्ति-तप, त्याग, तांडव’ सीरियल की शूटिंग के लिए उमरगांव में थे। इस सीरियल में उन्होंने शुक्राचार्य का किरदार निभाया था। उनकी मृत्यु का कारण दिल का दौरा बताया जा रहा है।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार शाम ‘शिव शक्ति-तप, त्याग, तांडव’ की शूटिंग के बाद योगेश महाजन की तबियत खराब हो गई थी। वे डॉक्टर के पास गए और दवाई ली। रात में वह होटल के कमरे में सो गए, लेकिन रविवार सुबह शूटिंग के लिए सेट पर नहीं आए। बाद में टीम के सदस्यों ने उन्हें फोन किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। जब उनके कमरे का दरवाजा खोला गया, तो वह बिस्तर पर मृत पाए गए।

योगेश महाजन का जीवन परिचय

योगेश महाजन का जन्म सितंबर 1976 में जलगांव के एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने मनोरंजन इंडस्ट्री में अपनी पहचान मेहनत और संघर्ष के बल पर बनाई। योगेश ने बिना किसी गॉडफादर के अपने अभिनय करियर की शुरुआत भोजपुरी फिल्मों से की थी। इसके बाद उन्होंने मराठी फिल्मों में भी नाम कमाया। उन्होंने ‘मुंबईचे शहाणे’ और ‘समसारची माया’ जैसी कई मराठी फिल्मों में अहम भूमिका निभाई।

सिनेमा और TV  इंडस्ट्री में योगेश का योगदान

योगेश महाजन ने मराठी और हिंदी फिल्मों के साथ-साथ पौराणिक धारावाहिकों में भी शानदार अभिनय किया। उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। योगेश महाजन का निधन फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका अभिनय और संघर्ष दर्शकों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को इस कठिन समय में शक्ति मिले।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें