Site icon Dainik Savera Times

‘मुझे जेल भी जाना पड़ सकता है, लेकिन…’, बर्खास्त शिक्षकों से बोली ममता बनर्जी

Mamta Banerjee's big allegation BJP impose President rule

Mamta Banerjee's big allegation BJP impose President rule

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में बर्खास्त शिक्षकों से मुलाकात की। उन्होंने इन शिक्षकों को समर्थन देने का वादा किया और कहा कि योग्य उम्मीदवार बेरोजगार नहीं रहेंगे। यह घटनाक्रम उस समय हुआ जब सुप्रीम कोर्ट ने 2016 में पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (WBSSC) द्वारा की गई 25,752 स्कूल नौकरियों की नियुक्तियों को रद्द करने का फैसला बरकरार रखा।

नौकरी खो चुके शिक्षकों से मुलाकात
ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद नौकरी खो चुके शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा, “कृपया यह न समझें कि हम इसे स्वीकार कर चुके हैं। हम पत्थर दिल नहीं हैं, और मुझे यह कहने के लिए जेल भी जाना पड़ सकता है, लेकिन मुझे इसकी परवाह नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “हमारे पास यह सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग योजनाएं हैं कि योग्य उम्मीदवार बेरोजगार न हों और उनकी सेवा में कोई रुकावट न आए। मुझे ऐसी चीजों में घसीटा जा रहा है, जिनका मुझे कोई जानकारी नहीं है।”

सीएम ने राजनीति से बचने की बात की
ममता बनर्जी ने इस दौरान कहा, “मैं कोई राजनीतिक रंग नहीं देखना चाहती। हम नौकरी गंवाने वालों के हितों की रक्षा करने के अपने कर्तव्य से इनकार नहीं कर सकते। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद हम स्थिति को निष्पक्ष और सावधानी से संभालने के लिए सक्रिय कदम उठा रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि वह उन लोगों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं, जिन्होंने इन शिक्षकों की नौकरियां छीन लीं। ममता ने सीपीआईएम के वरिष्ठ नेता विकास रंजन भट्टाचार्य पर हमला करते हुए कहा कि जो लोग खुद एक भी नौकरी नहीं दे सके, वे दूसरों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। भट्टाचार्य ने अवैध नियुक्तियों को लेकर सरकार को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

टीचर्स ने अपनी समस्याएं साझा कीं
ममता बनर्जी से मुलाकात के दौरान यास्मीन परवीन नामक एक शिक्षक ने कहा, “हमें सीएम से उम्मीदें हैं। हमने नौकरी पाने के लिए सभी प्रक्रियाएं पूरी की थीं, और 7 साल तक काम करने के बाद अब हम बेरोजगार हैं। हमें हमारी नौकरी वापस चाहिए।” पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने बर्खास्त शिक्षकों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके हितों की रक्षा करेगी और बेरोजगार नहीं रहने देगी, हालांकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद स्थिति जटिल हो गई है। ममता बनर्जी ने राजनीति से हटकर इन शिक्षकों के पक्ष में खड़ा होने की बात की और सभी को विश्वास दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा।

 

Exit mobile version