Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर में बड़ा धमाका: हैंड ग्रेनेड ले जा रहा युवक गंभीर रूप से घायल, इलाके में मचा हड़कंप

पंजाब डेस्क: अमृतसर शहर के मजीठा रोड बाईपास इलाके में सोमवार सुबह एक बड़ा धमाका हुआ, जिसने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। जानकारी के अनुसार, यह धमाका उस वक्त हुआ जब एक युवक हैंड ग्रेनेड ले जा रहा था। विस्फोट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

यह घटना सुबह करीब 9:00 बजे से 9:15 बजे के बीच हुई, जब स्थानीय लोगों ने अचानक जोरदार धमाका सुना। मौके पर धुआं और चीख-पुकार फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक व्यक्ति को जमीन पर तड़पते हुए देखा गया, जिसके हाथ और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। बाद में पुष्टि हुई कि वह व्यक्ति हैंड ग्रेनेड ले जा रहा था, जो उसके पास फट गया।

अब तक स्पष्ट नहीं, धमाका कैसे हुआ

इस समय तक यह साफ नहीं हो पाया है कि घायल युवक पैदल था या किसी वाहन से आया था। पुलिस यह जांच करने में जुटी है कि वह व्यक्ति ग्रेनेड लेकर कहां जा रहा था और किस उद्देश्य से। यह भी जांच का विषय है कि यह विस्फोट गलती से हुआ या इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका है।

जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

धमाके के बाद तुरंत पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने इलाके को घेर लिया। मौके से कुछ संदिग्ध वस्तुएं भी बरामद की गई हैं। घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसका नाम और पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

ये भी पढ़ें- क्या 1 अप्रैल से आम जनता को लगेगा महंगाई का झटका? LPG दाम को लेकर आया बड़ा अपडेट

Exit mobile version