
नेशनल डेस्क: पटना के वीवीआईपी क्षेत्र पोलो रोड पर एक और अपराध की घटना सामने आई है। गुरुवार को अपराधियों ने एक युवक पर गोली चला दी, जो मंत्री अशोक चौधरी के आवास के पास हुआ। इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गोली चलाने के बाद अपराधियों ने युवक राहुल से 400 रुपये भी लूट लिए। राहुल पर गोली चलाने वाले दोनों हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
यह हमला एक ऐसे इलाके में हुआ है, जहां मंत्री अशोक चौधरी का घर और राजद नेता तेजस्वी यादव का बंगला स्थित है। इसके अलावा, इस इलाके में कई महत्वपूर्ण सरकारी अधिकारियों और जजों के आवास भी हैं, जो इस इलाके को और अधिक वीवीआईपी बनाते हैं।पुलिस अब अपराधियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच कर रही है।
वहीं, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना के बाद बिहार सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ”आज मेरे आवास के बाहर गोली चलाई/चलवाई गई है। NDA के राक्षस राज में सत्ता संरक्षित अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि अपराधी हाई सिक्योरिटी जोन में कुछ ही दूरी पर जहां राज्यपाल आवास राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, नेता प्रतिपक्ष आवास, न्यायाधीश आवास और एयरपोर्ट है वहां खूंख़ार अपराधी खुलेआम फायरिंग करते घूम रहे है। खबरदार! कोई इसे जंगलराज कहेगा तो? वैसे भी कल प्रधानमंत्री बिहार आ रहे है इसलिए गोदी मीडिया को सकारात्मक छवि बनाए रखनी है।”