
Delhi Fire : दिल्ली के गुड़ मंडी इलाके में आग लगने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में स्थित गुड़ मंडी की झुग्गियों में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, यह आग लगने की घटना मंगलवार देर रात हुई। पता चला है कि आग इतनी भीषण थी कि इसने झुग्गी समेत वहां मौजूद हर चीज को अपनी चपेट में ले लिया। इतना ही नहीं, आग तेजी से खाली जमीन पर पड़े कूड़े तक पहुंच गई।
मची अफरा-तफरी… 12 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची
इस दौरान लोग झुग्गियों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिलने के बाद करीब 12 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश की। दमकल अधिकारी सीएल मीना ने बताया कि रात करीब 10:47 बजे कॉल आई थी। सड़क किनारे लकड़ी की कुछ चीजें रखी हुई थीं, जिनका इस्तेमाल शायद कार या रिक्शा बनाने में होता था। साथ ही वहां लकड़ी के तख्तों का ढेर भी लगा हुआ था। इसके अलावा वहां एक गाड़ी, एक स्कूटर, एक रिक्शा और कुछ टायर भी रखे हुए थे। जब हमारी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची तो आग पूरे इलाके में फैल चुकी थी। आग पर काबू पा लिया गया है।
लोगों ने भागकर बचाई जान
स्थानीय निवासी ने बताया कि यहां तीसरी बार आग लगी है और पहले भी इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गनीमत रही कि सभी लोग समय रहते झुग्गियों से बाहर आ गए और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
इससे पहले 30 अप्रैल को दिल्ली के आईएनए स्थित दिल्ली हाट में भीषण आग लग गई थी। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।