Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

धक्कामुक्की में घायल हुए MP प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत की कैसी है हालत ? डॉक्टरों ने जारी किया हेल्थ अपडेट

December 21, 2024

धक्कामुक्की में घायल हुए MP प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत की कैसी है हालत ? डॉक्टरों ने जारी किया हेल्थ अपडेट

नई दिल्ली : संसद परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान बीजेपी के दो सांसद घायल हो गए थे। इनमें से एक सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और दूसरे सांसद मुकेश राजपूत का इलाज दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल के मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉ. अजय शुक्ला ने सांसदों की स्थिति के बारे में अपडेट दिया। चलिए जानते है पूरी घटना को विस्तार से…

प्रताप चंद्र सारंगी का स्वास्थ्य अपडेट

आपको बता दें कि बीजेपी सांसद प्रताप चंद्र सारंगी के गाल की हड्डी पर सूजन और नीलापन देखा गया है। डॉक्टरों ने एक्स-रे कराने का फैसला किया है ताकि यह पता चल सके कि हड्डी में कोई मामूली फ्रैक्चर तो नहीं हुआ है, या फिर चोट की वजह से सूजन और नीलापन हुआ है। डॉ. अजय शुक्ला के अनुसार, सारंगी के गाल की हड्डी में थोड़ा खून जमा हुआ है, लेकिन उनकी स्थिति अभी स्थिर है।

मुकेश राजपूत को आ रहे हैं चक्कर

वहीं दूसरी ओर, सांसद मुकेश राजपूत को अभी भी चक्कर आ रहे हैं और वे असहज महसूस कर रहे हैं। डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि धक्का-मुक्की के दौरान उनका रक्तचाप (बीपी) भी बढ़ गया था, जिसके कारण उन्हें हल्की खबराहट भी महसूस हो रही थी। हालांकि, शुक्रवार को उनकी स्थिति सामान्य बताई गई थी।

सीटी स्कैन और MRI रिपोर्ट सामान्य

शुक्रवार को अस्पताल में इलाज के बाद डॉ. अजय शुक्ला ने जानकारी दी थी कि दोनों सांसदों का सीटी स्कैन और एमआरआई किया गया था। इन दोनों रिपोर्टों में कोई खास समस्या नहीं पाई गई थी, और उनकी स्थिति पहले से बेहतर बताई गई थी। बीपी भी नियंत्रण में था।

घायल सांसदों से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री

बीजेपी सांसदों से मिलने के लिए अस्पताल में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख बीजेपी नेता पहुंचे थे। राजनाथ सिंह ने बताया कि प्रताप सारंगी के सिर पर दो टांके लगे थे, जबकि मुकेश राजपूत को भी सिर में चोट लगी थी। डॉक्टरों ने दोनों सांसदों को अगले कुछ दिनों तक निगरानी में रखने की सलाह दी है और दोनों को आईसीयू में भर्ती किया गया है।

राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज

संसद परिसर में हुए इस घटनाक्रम के बाद बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर धक्का देने का आरोप लगाया है। इसके बाद बीजेपी की शिकायत पर राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच द्वारा की जाएगी। संसद परिसर में हुई धक्का-मुक्की में घायल हुए दोनों सांसदों की स्थिति अब स्थिर है और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें