
Pakistan F-16 Down : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारतीय सेना ने एक बड़ी सैन्य सफलता हासिल की है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमलों का मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारत ने अपने एडवांस्ड S-400 एयर डिफेंस सिस्टम से पाकिस्तान के तीन फाइटर जेटों को आसमान में ही ढेर कर दिया। इनमें एक अमेरिकी F-16 और दो चीनी तकनीक से बने JF-17 थंडर शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सैनिकों ने इनमें से दो पाकिस्तानी पायलटों को भी पकड़ लिया है, जिन्हें पूछताछ के लिए गुप्त स्थान पर रखा गया है। यह कार्रवाई भारत की वायु सुरक्षा क्षमता और रणनीतिक तैयारी का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।
कितना ताकतवर है अमेरिका का F-16 फाइटर जेट?
F-16 फाइटर जेट को दुनिया के सबसे भरोसेमंद मल्टी-रोल फाइटर विमानों में गिना जाता है। यह विमान 6 तक एयर-टू-एयर मिसाइलें और अन्य घातक हथियारों से लैस हो सकता है। फ्लाई-बाय-वायर टेक्नोलॉजी से युक्त F-16 की अधिकतम गति मैक 2 (यानी लगभग 2,470 किमी/घंटा) तक होती है। यह दुश्मन के रडार को चकमा देने में भी सक्षम है। भारत पहले भी इस फाइटर जेट को गिरा चुका है—2019 में बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद भी एक F-16 को मिग-21 बाइसन ने निशाना बनाया था।
JF-17: पाकिस्तान और चीन की साझा ताकत
JF-17 थंडर, पाकिस्तान और चीन की संयुक्त परियोजना का परिणाम है। यह हल्का, सिंगल इंजन और चौथी पीढ़ी का मल्टी-रोल फाइटर जेट है। इसकी रेंज करीब 3,482 किलोमीटर तक होती है और यह हवा से हवा, हवा से जमीन और एंटी-शिप मिसाइलों से लैस किया जा सकता है। JF-17 में लगी 23 मिमी ट्विन बैरल गन इसे और भी खतरनाक बनाती है। पाकिस्तान ने इसे 2007 में अपनी वायु सेना में शामिल किया था और पुराने जेट्स जैसे A-5C, Mirage और F-7 को इससे रिप्लेस किया गया।
S-400: भारत की वायु रक्षा का ‘शक्तिशाली कवच’
रूस निर्मित S-400 ट्रायंफ एयर डिफेंस सिस्टम भारत की सैन्य शक्ति का एक अहम हिस्सा है। यह प्रणाली एक साथ 36 लक्ष्यों को ट्रैक कर सकती है और 400 किलोमीटर तक की दूरी पर उड़ रहे टारगेट्स को भी सटीकता से मार गिराने में सक्षम है। हवा में F-16 और JF-17 जैसे खतरनाक विमानों को गिराना इसकी ताकत का प्रत्यक्ष प्रमाण है।