Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी का एयरपोर्ट पहुंचकर किया स्वागत

February 17, 2025

PM Modi ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी का एयरपोर्ट पहुंचकर किया स्वागत

Sheikh Tamim bin Hamad Al Thani: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार की देर शाम कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से गर्मजोशी से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, अपने भाई, कतर के अमीर महामहिम शेख तमीम बिन हमद अल थानी (Sheikh Tamim bin Hamad Al Thani) का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर गया। भारत में उनके सफल प्रवास की कामना करता हूं और मंगलवार को होने वाली हमारी मुलाकात की प्रतीक्षा कर रहा हूं।

कतर के अमीर दो दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत आए हैं। उनके साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल शामिल है। इससे पहले वे मार्च 2015 में राजकीय दौरे पर भारत आए थे।

कतर के अमीर का 18 फरवरी को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया जाएगा।

अपनी यात्रा के दौरान अमीर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ मुलाकात करेंगे। साथ ही राष्ट्रपति मुर्मू उनके सम्मान में भोज का आयोजन करेंगी।

वहीं, कतर के अमीर प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे।

भारत और कतर के बीच मैत्री, विश्वास और पारस्परिक सम्मान के गहरे ऐतिहासिक संबंध हैं। हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और लोगों के बीच संबंध लगातार मजबूत हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें