PSEB declared the result of class 8th: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. अमरपाल सिंह के कुशल नेतृत्व में शैक्षणिक वर्ष 2024-2025 के लिए 8वीं कक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित किया गया। इस वर्ष, 8वीं कक्षा के लिए 10, 471 स्कूलों से कुल 2 लाख 90 हजार 471 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिनमें, से 2 लाख 82 हजार 627 को प्रमोट किया गया और इस परिणाम का उत्तीर्ण प्रतिशत 97.30 रहा।
पुनीत वर्मा ने किया टॉप
घोषित परिणामों के अनुसार पुनीत वर्मा पुत्र अशोक वर्मा/ नीतू वर्मा, (रोल नं. 8025370012) श्री गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल, ए-225, चीफ खालसा दीवान, मॉडल टाऊन, होशियारपुर ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। नवजोत कौर पुत्री करणजीत सिंह/वीरपाल कौर (रोल नं. 8025227565) संत मोहन दास मैमोरियल सीनियर सैकेंडरी स्कूल सुखिया, फरीदकोट ने 100 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान और नवजोत कौर पुत्री गुरमेज सिंह/ कुलजीत कौर (रोल नंबर 8025111174) गुरु नानक पब्लिक सीनियर स्कूल, चन्नन के (अड्डा नाथ दी खुई), अमृतसर ने 99.83 प्रतिशत अंक प्राप्त करके तीसरा स्थान हासिल किया।
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के नियमों के अनुसार, समान अंक प्राप्त करने पर कम उम्र के परीक्षार्थी को मैरिट में उच्च स्थान दिया गया है। इस दौरान चेयरमैन डा. अमरपाल सिंह ने परिणामों के बारे में बात करते हुए कहा कि इस बार बोर्ड परीक्षाएं पहले से अधिक कठोरता व पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई हैं तथा भविष्य की बोर्ड परीक्षाओं को प्रभावी बनाने के लिए प्रश्न पत्रों की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ पाठ्यक्रम में भी आवश्यक सुधार करने के लिए कई अन्य प्रयासकिए जाएंगे।
परीक्षार्थियों का पूरा विवरण और परिणाम पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की वैबसाइट ww w.pseb.ac.in पर अपलोड कर दिया गया है। जो अभ्यर्थी इस परीक्षा में प्रमोट नहीं हो पाए, उनकी पूरक परीक्षा जून 2025 में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए संबंधित विद्यार्थी अलग से फॉर्म भरेंगे।
इस संबंध में कार्यक्रम स्कूल लॉगिन और विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से अलग से अधिसूचित किया जाएगा। परिणाम घोषित करते समय पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की सचिव परलीन कौर बराड़, पीसीएस, परीक्षा नियंत्रक लवीश चावला और संबंधित शाखा अधिकारी उपस्थित थे।
शिक्षा मंत्री बैंस ने विद्यार्थियों को दी बधाई
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने 8वीं कक्षा के नतीजों में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। शिक्षा मंत्री ने पुनीत वर्मा और नवजोत कौर के 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करके पास होने पर खुशी और संतोष व्यक्त किया। इन विद्यार्थियों ने क्रमवार पहला और दूसरा स्थान प्राप्त किया है। अच्छे अंकों से पास होने वाले विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए बैंस ने बाकी सभी विद्यार्थियों को परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों की तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...