न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के रोड शो के दौरान JCB मशीन से कुचलकर जान गंवाने वाले 14 वर्षीय बच्चे के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा सांसद रवि किशन भी उनके साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला है। उन्होंने कहा कि बच्चे के ऊपर JCB का पहिया चढ़ाया गया। परिवार को चिंता करने की जरूरत नहीं है, सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
स्कूल से घर लौट रहे बच्चे की गई जान
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि मृतक 14 साल का स्कूली छात्र था और घटना के समय स्कूल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सपा से जुड़े लोगों के रोड शो के बीच JCB मशीन ने उसे टक्कर मार दी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि टक्कर लगने के बाद जानबूझकर बच्चे के ऊपर मशीन चढ़ाई गई, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मृतक का परिवार चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े एक महान क्रांतिकारी का वंशज है। ऐसे परिवार के बच्चे के साथ हुई इस घटना को उन्होंने बेहद दुखद और अक्षम्य बताया।
Yogi Ji met family of child who died during Samajwadi Party’s PDA Yatra in Gorakhpur yesterday. The child lost his life during SP roadshow because of a bulldozer.
Babaji uses Bulldozer for demolishing illegal structures of Criminals. Akhilesh uses it against innocent civilians. https://t.co/E9GLshqi0x
— BhikuMhatre (@MumbaichaDon) November 19, 2026
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में किसी भी तरह की गुंडागर्दी और अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़कें आम लोगों के आने-जाने के लिए बनाई गई हैं, न कि किसी राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था फैलाने के लिए। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है और दोषियों में से किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
कार्यक्रम में भी सपा पर साधा निशाना
पीड़ित परिवार से मिलने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भी इस घटना का जिक्र किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार को समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान एक मासूम बच्चे की जान चली गई। सीएम योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पार्टी के साथ गुंडागर्दी, अराजकता और माफिया संस्कृति जुड़ी रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उस मासूम बच्चे की क्या गलती थी, जो उसे इस तरह अपनी जान गंवानी पड़ी।
गुंडों को ऐसी सजा मिलेगी, जिसे कई पीढ़ियां याद रखेंगी: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घटना में शामिल लोगों को जल्द से जल्द ढूंढकर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। योगी आदित्यनाथ ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने प्रदेश में दोबारा गुंडागर्दी या माफियागिरी करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और मामले में दोषियों को कानून के मुताबिक सजा दिलाई जाएगी।

