
Amarnath Bus Accident : अमरनाथ यात्रा के बीच मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां श्रद्धालुओं से भरी बस सोनमर्ग हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आपको बता दें कि बालटाल बेस कैंप की ओर जा रही यह बस हरीगनीवान इलाके के एस-मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर लोगों में डर और हड़कंप मच गया। पुलिस, सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार कई श्रद्धालु घायल हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाकर इलाज शुरू किया गया।
ढलान से लुढ़ककर घर की छत पर रुकी बस
जानकारी के मुताबिक, बस सड़क से फिसलने के बाद करीब 20 से 25 मीटर नीचे ढलान में चली गई और एक घर की छत पर जाकर रुक गई। हादसे में घायल यात्रियों को तुरंत कंगन के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज और मेडिकल जांच की जा रही है। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद स्थानीय पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, सेना और यात्रा पुलिस की टीमों ने मिलकर राहत कार्य चलाया। जवानों और स्थानीय लोगों की तेजी से की गई कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया।अधिकारियों ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। वहीं, प्रशासन ने यात्रा के रास्ते पर सुरक्षा बढ़ा दी है और ज्यादा सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...