Site icon Dainik Savera Times

मणिपुर में असम राइफल्स के काफिले पर हमला, 2 जवान शहीद, सर्च ऑपरेशन जारी

नई दिल्ली: मणिपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां, बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार शाम एक बड़ा हमला हुआ। सुरक्षाबलों के वाहन को हथियारबंद लोगों ने निशाना बनाया। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए, जबकि कम से कम 4 जवान घायल हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों के मदद से RIMS अस्पताल पहुंचाया गया।

शाम 6 बजे हुआ हमला
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना नांबोल सबल लेईकाई इलाके में हुई। शाम करीब 6 बजे असम राइफल्स के जवान एक वाहन में इंफाल से बिष्णुपुर की ओर जा रहे थे। उसी दौरान बंदूकधारियों के एक गिरोह ने घात लगाकर उन पर हमला कर दिया।

स्थानीय लोगों ने की मदद
हमले में घायल जवानों को पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने जताया दुख
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, “हमारे बहादुर जवानों पर घात लगाकर किए गए हमले की खबर बेहद दुखद है। दो जवानों की शहादत और कई के घायल होने की खबर हम सबके लिए बहुत बड़ा झटका है।”

बीरेन सिंह ने कहा कि शहीद जवानों का साहस और बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस घिनौने हमले के दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

 

Exit mobile version