ढाका: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अब उपद्रवियों ने विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर को निशाना बनाने की कोशिश की है। गुरुवार देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने सिलहट शहर में स्थित उनके घर के मुख्य गेट के बाहर कपड़ों के टुकड़ों में आग लगा दी। यह घटना तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई। हालांकि, समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और इस घटना में किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
‘प्रथम आलो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सिलहट शहर के दरियापारा इलाके में हुई। सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर अफजल हुसैन ने बताया कि गुरुवार देर रात कुछ लोगों ने मंत्री के घर के मुख्य दरवाजे के सामने कपड़ों के टुकड़ों में आग लगा दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि आग केवल कपड़ों के टुकड़ों में लगाई गई थी। आग घर के अंदर तक नहीं पहुंची और न ही मकान या किसी अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचा। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आग लगाने के पीछे कौन लोग शामिल थे और उनका मकसद क्या था।
घर में रहते हैं मंत्री के परिवार के सदस्य
स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मकान में हुमायूं कबीर के चाचा और परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं। जब भी विदेश राज्य मंत्री सिलहट आते हैं, तो इसी घर में ठहरते हैं। हालांकि, घटना के समय हुमायूं कबीर घर पर मौजूद नहीं थे। रिपोर्ट के अनुसार, उनका शुक्रवार दोपहर सिलहट पहुंचने का कार्यक्रम था। ऐसे में घटना के वक्त घर में उनके परिवार के सदस्य ही मौजूद थे।
विकास प्राधिकरण के चेयरमैन ने किया घटनास्थल का दौरा
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिलहट विकास प्राधिकरण के चेयरमैन रेजाउल हसन कोयेस लुधी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मौके पर पहुंचे। वह सिलहट शहर BNP के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने घटना को लेकर कहा कि मौके पर कोई बड़ी आगजनी नहीं हुई और न ही कोई व्यक्ति घर के अंदर दाखिल हुआ। उनके मुताबिक, किसी ने वहां से गुजरते समय कुछ सामान घर के सामने फेंका था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बांग्लादेश में क्यों बढ़ रहा है राजनीतिक तनाव?
बांग्लादेश में इन दिनों राजनीतिक हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। लंबे समय बाद पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग फिर से सक्रिय होती दिखाई दे रही है। पार्टी के सदस्य शेख हसीना की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं। वहीं, देश की मौजूदा तारिक रहमान सरकार शेख हसीना की वापसी के पक्ष में नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को अवामी लीग के सदस्यों ने कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया, जिनमें हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं।
गौरतलब है कि बांग्लादेश की मौजूदा सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा रखा है। ऐसे में पार्टी की गतिविधियों और राजनीतिक विरोध के बीच देश में तनाव बढ़ता जा रहा है। विदेश राज्य मंत्री के घर के बाहर आग लगाने की घटना को भी इसी तनावपूर्ण माहौल के बीच देखा जा रहा है। हालांकि, इस घटना के पीछे किसका हाथ है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

