
नेशनल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। भाजपा ने इस लिस्ट में 71 उम्मीदवारों को टिकट दिया है।इस लिस्ट में दोनों डिप्टी सीएम और पूर्व डिप्टी सीएम समेत बिहार के कई मंत्रियों को टिकट दिया गया है। पार्टी ने बताया कि इसमें सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, प्रेम कुमार, मंगल पांडे, कृष्ण कुमार, राम नारायण मंडल और नितिन नबीन का नाम शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर विधानसभा से लड़ेंगे चुनाव
भाजपा की ओर से बताया गया कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा लखीसराय से भाजपा के उम्मीदवार होंगे। इसके साथ ही, पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद कटिहार से भाजपा के उम्मीदवार बनाए गए हैं। इसके साथ ही, पार्टी ने कई मंत्रियों और विधायकों को उनकी परंपरागत विधानसभा सीट से टिकट दिया है। वहीं, कुछ नए चेहरे भी सामने आए हैं।
इससे पहले, एनडीए को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाया गया था। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने एक स्वर में इसकी पुष्टि की थी। तीनों नेताओं ने कहा कि एनडीए दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर सौहार्दपूर्ण बातचीत पूरी हो चुकी है, और अब यह तय करने की प्रक्रिया अंतिम दौर में है कि कौन सा दल किस सीट पर चुनाव लड़ेगा।
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखी ये बात
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए के सभी दल एकजुटता के साथ पूरी तरह से तैयार हैं।”
चिराग पासवान ने कहा- सीएम नीतीश के नेतृत्व में सभी दल एकजुटता के साथ तैयार
चिराग पासवान ने भी यही बात दोहराते हुए कहा, “एनडीए दलों में सीट संख्या का विषय सौहार्दपूर्ण बातचीत में पूरा हो चुका है। कौन दल किस सीट पर लड़ेगा, यह चर्चा भी सकारात्मक बातचीत के साथ अंतिम दौर में है। पीएम मोदी और सीएम नीतीश के नेतृत्व में एनडीए के सभी दल एकजुटता के साथ पूरी तरह से तैयार हैं। बिहार है तैयार, एनडीए सरकार।”

बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) के नेतृत्व वाले एनडीए और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के बीच माना जा रहा है।


बिहार की कुल 243 सीटों पर दो चरणों में मतदान कराया जाएगा
बिहार की कुल 243 सीटों पर दो चरणों में चुनाव होगा। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी। इस दिन 121 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं, दूसरे फेज का चुनाव 11 नवंबर को होगा। इस दिन 122 सीटों पर वोटिंग। नतीजों की घोषणा 14 नवंबर को होगी। इस बार के चुनाव में 7 करोड़ 42 लाख वोटर हैं। इनमें 3 करोड़ 92 लाख पुरुष जबकि 3 करोड़ 49 लाख महिला वोटर्स हैं।

