Site icon Dainik Savera Times

‘UP में तीसरी बार बनेगी BJP की पूर्ण बहुमत वाली सरकार’, सीएम योगी ने किया जीत का दावा

Yogi Adityanath, BJP, Uttar Pradesh Politics

Yogi Adityanath, BJP, Uttar Pradesh Politics

लखनऊ: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। भाजपा अपने नेतृत्व, देवतुल्य कार्यकर्ताओं और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जाएगी। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की तस्वीर बदली है। उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री योगी ने एक कार्यक्रम में यह बयान दिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और विकास से जुड़े सवालों का जवाब दिया।

‘इन उपलब्धियों के आधार पर तीसरी बार सरकार बनाएगी बीजेपी’

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन, रोजगार, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और गरीब कल्याण के क्षेत्र में हुए काम जनता के सामने हैं। भाजपा इन उपलब्धियों के आधार पर तीसरी बार सरकार बनाने में सफल होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का संगठन परिवारवाद पर नहीं बल्कि मूल्यों, सिद्धांतों और आदर्शों से जुड़े कार्यकर्ताओं पर आधारित है। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में 75 जिले, 18 मंडल, 762 नगरीय निकाय, 825 ब्लॉक, 57,600 से अधिक ग्राम पंचायतें और 1,583 थाने हैं। इतने बड़े प्रशासनिक ढांचे में भाजपा का कोई कार्यकर्ता अपने निजी स्वार्थ के लिए थाना, तहसील या जिला प्रशासन को बंधक नहीं बनाता। उन्होंने इसे संगठन के अनुशासन और सुशासन का उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने सपा-कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में अराजकता, कर्फ्यू, दंगे, लूट और रंगदारी प्रदेश की पहचान बन गए थे। भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत कर भयमुक्त वातावरण तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ‘बंटोगे तो कटोगे’ का संदेश ध्रुवीकरण के लिए नहीं बल्कि समाज को सतर्क और एकजुट रहने के लिए है। उन्होंने अभिभावकों और युवाओं से नई पीढ़ी को पिछली सरकारों के समय की अराजकता, दंगे, कर्फ्यू और असुरक्षा के दौर की जानकारी देने की अपील की। उन्होंने जवाहर बाग की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां पार्क पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान एसपी मुकुल द्विवेदी और थानाध्यक्ष संतोष यादव की हत्या हुई थी तथा कुल 23 लोगों की मौत हुई थी।

‘आज प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त है’

सीएम योगी ने मुजफ्फरनगर, कोसीकलां और अलीगढ़ के दंगों तथा बरेली में हुई हिंसा का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान तभी सुरक्षित रह सकता है, जब समाज अतीत के अनुभवों को याद रखे। आज प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त है। मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा में सुधार का उदाहरण देते हुए लखनऊ स्थित एचसीएल टेक कैंपस का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में वहां करीब 100 लोग काम करते थे जबकि अब लगभग 18 हजार युवा कार्यरत हैं। कैंपस में काम करने वाली महिलाएं रात की शिफ्ट के बाद दो बजे भी बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ स्थित अपने घरों तक बेखौफ पहुंचती हैं। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश में बदले सुरक्षा माहौल का उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि पहले निवेशक प्रदेश आने से हिचकते थे लेकिन अब उद्योगों का विस्तार हो रहा है और निवेश प्रस्ताव आ रहे हैं। सरकार ने दंगाइयों को संरक्षण देने के बजाय कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पिछले दस वर्षों में 2.30 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। इसके अतिरिक्त 32 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पुलिस प्रशिक्षण की क्षमता पहले छह हजार कर्मियों की थी, जिसे बढ़ाकर 60 हजार किया गया है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में पीएसी की 34 कंपनियां समाप्त कर दी गई थीं। वर्तमान सरकार ने एसडीआरएफ और स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स का गठन किया। सभी 18 मंडलीय मुख्यालयों पर फॉरेंसिक लैब स्थापित की गई हैं। सात शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू है और सभी 75 जिलों में साइबर थाने तथा प्रत्येक थाने में साइबर हेल्पलाइन की व्यवस्था की गई है। लखनऊ में पुलिस की जमीन से अवैध कब्जा हटाकर विश्वस्तरीय पुलिस फॉरेंसिक संस्थान स्थापित किया गया है। यहां डिग्री, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण प्रदेश में अपराधियों और माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है।

Exit mobile version