Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP ने 21 उम्मीदवारों की सूची जारी की, जुलाना से विनेश के खिलाफ युवा नेता कैप्टन बैरागी को उतारा, देखें List

September 10, 2024

BJP ने 21 उम्मीदवारों की सूची जारी की, जुलाना से विनेश के खिलाफ युवा नेता कैप्टन बैरागी को उतारा, देखें List

Haryana Election 2024:  नई दिल्ली/चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी, जिसमें जिसमें पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और मनीष ग्रोवर को क्रमश: नरवाना और रोहतक सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने जुलाना सीट से कांग्रेस उम्मीदवार पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ युवा नेता कैप्टन योगेश कुमार बैरागी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की ओर से जारी सूची में दो मुस्लिम उम्मीदवारों को भी टिकट देने की घोषणा की गई है। भाजपा ने फिरोजपुर से नसीम अहमद और पुन्हाना से ऐजाज खान को चुनावी मैदान में उतारा है।भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी सूची के मुताबिक, पार्टी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के करीबी माने जाने वाले पवन सैनी को नारायणगढ़ सीट से उम्मीदवार बनाया है, जबकि सतपाल जाम्बा को पुंडरी से चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। योगेंद्र राणा को असंध से, देवेंद्र कौशिक को गन्नौर, कृष्णा गहलावत को राई से और प्रदीप सांगवान को बरोदा से उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी ने मनीष ग्रोवर को रोहतक से, ओम प्रकाश यादव को नारनौल से, कृष्ण कुमार को बावल (एससी) सीट से, बिमला चौधरी को पटौदी (एससी) सीट से और संजय सिंह को नूंह से टिकट दिया है। मनोज रावत को हथीन से, हरिंदर सिंह रामरतन को होडल (एससी) से, जबकि धनेश अदलखा को बड़खल से उम्मीदवार बनाया गया है। सिरसा की डबवाली विधानसभा सीट से पार्टी ने सरदार बलदेव सिंह मांगीयाना को उम्मीदवार बनाया है। यहां से जननायक जनता पार्टी (जजपा) के दिग्विजय चौटाला चुनावी मैदान में हैं। यह चौटाला परिवार की परंपरागत सीट मानी जाती है। दिग्विजय जजपा के महासचिव और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के छोटे भाई हैं।

Image
Image

पार्टी ने ऐलनाबाद सीट से अमीर चंद मेहता को उम्मीदवार बनाया है। यह विधानसभा क्षेत्र सिरसा लोकसभा सीट का हिस्सा है। यह सीट भी चौटाला परिवार का गढ़ मानी जाती है। साल 2000 में हुए चुनाव के बाद इस सीट पर इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) का कब्जा रहा है। साल 2021 में इस सीट पर हुए उपचुनाव में इनेलो के अभय चौटाला ने जीत हासिल की थी। खेल से राजनीति में आईं कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फोगाट के खिलाफ जुलाना में भाजपा ने युवा नेता और एयर इंडिया की नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखने वाले कैप्टन योगेश कुमार बैरागी पर दांव खेला है। सफीदों निवासी योगेश इस समय भाजपा युवा मोर्चा की हरियाणा इकाई के उपाध्यक्ष हैं। भाजपा ने बुधवार को जारी अपनी पहली सूची में 67 उम्मीदवारों की घोषणा की थी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं करनाल से मौजूदा विधायक नायब सिंह सैनी को कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा सीट से मैदान में उतारा गया है।साल 2014 से राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा की नजर हरियाणा में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने पर है, लेकिन उसे कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस राज्य में सत्ता विरोधी लहर का फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होना है और मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें