Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Delhi New CM : रेखा की हुई दिल्ली, प्रवेश वर्मा डिप्टी CM बनेंगे; पढ़ें रेखा गुप्ता का सियासी सफर

February 19, 2025

Delhi New CM : रेखा की हुई दिल्ली, प्रवेश वर्मा डिप्टी CM बनेंगे; पढ़ें रेखा गुप्ता का सियासी सफर

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम का ऐलान हो गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगी है। रेखा गुप्ता 20 फरवरी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। दरअसल, रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने शालीमार बाग सीट पर आप की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया।

11 दिन के बाद हुआ सीएम के नाम का ऐलान
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 11 दिन के बाद भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया गया है।

कल होगा शपथ ग्रहण
दिल्ली में 20 फरवरी को मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में होगा। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर निमंत्रण की पहली कॉपी सामने आई है। इस निमंत्रण पत्र में मुख्य सचिव की तरफ से सभी लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। निमंत्रण पत्र के मुताबिक, यह शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के रामलीला मैदान में दोपहर 12 बजे होगा।

इसके साथ ही शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए कुछ दिशानिर्देश भी दिए गए हैं। इसके मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल होने वाले इच्छुक सुबह 11 बजे तक अपना स्थान ग्रहण कर लेंगे। यह निमंत्रण पत्र केवल एक ही व्यक्ति के लिए वैध है।

पीएम मोदी भी रहेंगे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह के टाइमटेबल के मुताबिक, 11-12 बजे के बीच शपथ समारोह के गेस्ट आएंगे और अपनी सीट लेंगे। 12:10 बजे मनोनीत मुख्यमंत्री और मनोनीत मंत्री आएंगे। 12:15 बजे एलजी शपथ समारोह में पहुंचेंगे। 12:20 बजे केंद्रीय गृह मंत्री और अन्य नेता पहुंचेंगे। 12:25 बजे प्रधानमंत्री मोदी आएंगे। वहीं, 12:30 बजे बैंड की धुन पर राष्ट्रगान होगा। 12.35 बजे एलजी मुख्यमंत्री को शपथ दिलाएंगे।

सुरक्षा के कड़े रहेंगे इंतजाम
कार्यक्रम के संबंध में सभी तैयारियां संपन्न हो चुकी हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भी दिल्ली पुलिस सहित अर्धसैनिक बलों के जवान कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगे। जांच पड़ताल के बाद ही कार्यक्रम में लोगों को अंदर जाने की इजाजत दी जाएगी।

रेखा गुप्ता का सियासी सफर

  • रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं।
  • वे मौजूदा समय में दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं।
  • 50 वर्षीय रेखा का जन्म हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था। उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी पद पर थे।
  • 1976 में रेखा का परिवार दिल्ली में शिफ्ट हो गया था। तब उनकी उम्र महज दो साल थी। इसके बाद रेखा की प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक दिल्ली में हुई।
  • रेखा गुप्ता पढ़ाई-लिखाई के दौरान ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन (आरएसएस) के स्टूडेंट विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ गई थीं।
  • इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह दौलत राम कॉलेज में सचिव का चुनाव जीतने में सफल रहीं।
  • 1995-96 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव लड़ा और अध्यक्ष बनीं।
  • रेखा गुप्ता ने इसके बाद एलएलबी तक की पढ़ाई पूरी की।
  • पढ़ाई पूरी करने के बाद रेखा गुप्ता 2003-04 में भाजपा युवा मोर्चा की दिल्ली इकाई से जुड़ीं और यहां सचिव पद पर रहीं।
  • इसके बाद 2004 से 2006 तक उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव के तौर पर जिम्मेदारी निभाई।
  • 2007: उत्तर पीतमपुरा से पार्षद बनीं।
  • 2007-09: एमसीडी में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की दो साल तक अध्यक्ष रहीं।
  • 2009: दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव रहीं।
  • 2010: भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य की जिम्मेदारी दी।
  • 2012: उत्तरी पीतमपुरा वॉर्ड-54 से फिर बनीं पार्षद।
  • 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में नहीं मिली थी सफलता
  • रेखा गुप्ता को 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से चुनाव में उतारा गया।
  • जहां 2015 में उन्हें आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी ने करीब 11 हजार वोटों से हराया तो वहीं 2020 में उनकी हार का अंतर 3400 वोट के करीब था।
  • 2025 के विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हरा दिया। उन्हें 68,200 वोट मिले थे।
  • रेखा गुप्ता की 1998 में मनीष गुप्ता से शादी हुई थी। चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक, रेखा के पति एक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करते हैं। साथ ही उनका स्पेयर पार्ट्स का भी कारोबार है रेखा गुप्ता के पास 5.31 करोड़ की संपत्ति है

ये भी पढ़ें: भारत आएंगे व्लादिमीर पुतिन, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें