Site icon Dainik Savera Times

Punjab के इस जिले में मिली कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

Bomb Threat 

Bomb Threat 

पंजाब डेस्क : पटियाला जिले के कई स्कूलों को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले हैं। जैसे ही स्कूल प्रशासन ने यह ईमेल देखा, तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। धमकी मिलने के बाद स्कूलों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक धमकी
धमकी भरे ईमेल में लिखा गया है कि सुबह 9:00 बजे से लेकर दोपहर 1:00 बजे के बीच बम विस्फोट किया जा सकता है। इस वजह से स्कूल प्रशासन ने कोई जोखिम न लेते हुए तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया।

स्कूलों में बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस को सूचना मिलने के बाद स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस टीमों ने स्कूल परिसरों की जांच शुरू कर दी है। कई जगहों पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी तैनात किया गया है।

रेलवे स्टेशन पर भी सख्त चेकिंग
पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि स्कूलों से धमकी की सूचना मिलने के बाद न केवल स्कूलों बल्कि रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यात्रियों और सामान की सख्ती से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।

पहले भी आ चुके हैं धमकी भरे ईमेल
गौरतलब है कि इससे पहले अमृतसर और जालंधर के कई नामी स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। उस समय एहतियात के तौर पर स्कूलों में छुट्टी कर दी गई थी और पुलिस ने पूरे मामले की जांच की थी।

पुलिस कर रही है जांच
फिलहाल पुलिस धमकी भरे ईमेल भेजने वाले व्यक्ति या संगठन की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

 

Exit mobile version