Dainik Savera Times

By-Elections Result 2025 : AAP ने गुजरात में BJP को किया चित्त, जानें बाकी राज्यों के रिजल्ट

By-Elections Result 2025 : नई दिल्ली। देश के 4 राज्यों के 5 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज सामने आ चुके है। इन सभी सीटों पर 19 जून यानी गुरूवार को उपचुनाव करवाया गया था। गुरुवार को पंजाब, पश्चिम बंगाल, गुजरात और केरल विधानसभा की 5 विधानसभा सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से उपचुनाव करवाया गया था। वहीं आज 23 जून उपचुनाव के नीतेजे भी सामने आ गए है। बता दें कि 5 में से 2 सीटों पर आप ने जीत हासिल की है। वहीं इस उपचुनाव में कांग्रेस, BJP, और TMC को एक-एक सीट पर जीत मिली है। आइए जानते किस राज्य में किस पार्टी ने बाजी मारी है…

  1. पंजाब

10 हजार 637 वोटों से जीते संजीव अरोड़ा
उपचुनाव में लुधियाना पश्चिमी सीट से आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा को 35179 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस के भारत भूषण आशु को 24542 मत मिले। भाजपा के जीवन गुप्ता को 20323 वोट मिले। शिअद के परउपकार सिंह घुम्मण 8203 वोट ही ले पाए। वहीं 793 लोगों ने नोटा का बटन दबाया। वहीं संजीव अरोड़ा के जीतने के बाद राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई है। साथ ही आप के वरिष्ठ नेता का राज्यसभा में जाने का रास्ता भी साफ हो जाएगा। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पंजाब से राज्यसभा सीट खाली होने के बाद पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया की राज्यसभा में एंट्री हो सकती है।

2. गुजरात

विसावडर सीट पर AAP की जीत
गुजरात के विसावडर विधानसभा सीट पर सभी 21 राउंड की काउंटिंग पूरी हो गई है। आप उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने जीत पाकर यह सीट पार्टी के लिए रिटेन कर ली है। यह वही सीट है जिसपर आप विधायक भूपेंद्र भयानी ने इस्तीफा देकर BJP जॉइन कर ली थी।

कडी विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत
गुजरात के मेहसाणा जिले के कडी में SC के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित सीट बीजेपी ने राजेंद्र चावड़ा को मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस ने इसी सीट से जीतने वाले रमेश चावड़ा को टिकट दिया, जबकि आप ने जगदीश चावड़ा पर दांव लगाया। हालांकि, इस सीट पर बीजेपी के राजेंद्र चावड़ा ने 99742 वोट हासिल कर 39452 वोट से जीत दर्ज की। कांग्रेस के रमेशभाई चावड़ा दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें 60290 वोट मिले। आप उम्मीदवार जगदीश चावड़ा को सिर्फ 3090 वोट मिले।

गुजरात में BJP के 161 विधायक
आपको बता दें कि 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा में भाजपा के 161 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 12 और आप के चार विधायक हैं। समाजवादी पार्टी के पास एक सीट है और दो सीटों पर निर्दलीय विधायक हैं। दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव हारने के बाद पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने विसावदर सीट के लिए बड़ा रोड शो निकाला था, जिसमें उन्होंने गोपाल इटालिया पर काफी भरोसा जताया था। इस दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान और आतिशी भी मौजूद थे। वहीं इस जीत के बाद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर गुजरात के लोगों को शुक्रिया कहा।

3. केरल

केरल में कांग्रेस ने लहराया जीत का परचम
नीलांबुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी आर्यदान शौकतने 10928 वोटों से जीत हासिल की है। 19 राउंड की काउंटिंग में उन्हें 77 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं। वहीं, CPI (M) के उम्मीदवार एम.स्वराज 66159 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वहीं इस जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जीत का माहौल बना हुआ है।


4. पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट से TMC की अलीफा अहमद ने भारी मतो से जीत दर्ज की है। भाजपा के आशीष घोष दूसरे नंबर पर रहे। वहीं कांग्रेस तीसरे नंबर पर आई। इस जीते के बाद CM ममता बनर्जी ने सभी को धन्यवाद कहा है। इसके साथ ही उन्होंने एक्स पर लिखा, ”कालीगंज विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में सभी धर्म, सभी जाति और सभी वर्गों के लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करके हमें अपार आशीर्वाद दिया है। मैं उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ।

दरअसल, फरवरी में तृणमूल कांग्रेस के विधायक नसीरुद्दीन अहमद के अचानक निधन के कारण कालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। उनकी बेटी अलीफा अहमद (38) को तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर इस सीट से उतारा था।

9 जून को 5 विधानसभा सीटों पर हुई थी वोटिंग
बता दें कि 19 जून को 5 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले गए थे। भारतीय चुनाव आयोग के मुताबिक, 19 जून को केरल की नीलांबुर सीट पर उपचुनाव में 75.27 प्रतिशत वोट पड़े। पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर 73.36 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। गुजरात की विसावदर सीट पर 56.89 प्रतिशत और कडी सीट पर 57.91 प्रतिशत मतदान हुआ। पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर 51.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

Exit mobile version