Site icon Dainik Savera Times

दिवाली पर पटाखे जलाने के समर्थन में उतरे सीएम योगी, बोले- त्योहार मनाने पर ही प्रदूषण की बात क्यों?

CM Yogi said why talk about pollution when celebrating festivals?Diwali Celebration

CM Yogi said why talk about pollution when celebrating festivals?Diwali Celebration

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर उठ रहे प्रदूषण के सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दिवाली मनाने और आतिशबाजी करने का समर्थन करते हुए कहा कि जब लोग त्योहार मनाते हैं, तभी प्रदूषण की चर्चा शुरू हो जाती है, लेकिन भ्रष्टाचार और गलत कामों से पूरे सिस्टम को नुकसान पहुंचाने वालों पर कोई सवाल नहीं उठाता।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने 1,146 नवनियुक्त जूनियर असिस्टेंट को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके अलावा मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थियों को कुल 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि दिवाली के बाद कुछ लोग पटाखों से होने वाले प्रदूषण को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर लोगों ने एक दिन पटाखे जलाकर दिवाली मनाई है, तो इससे होने वाला प्रदूषण भी कम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को त्योहार खुशी और उत्साह के साथ मनाने का मौका मिलना चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “जब लोग दिवाली मनाते हैं और पटाखे जलाते हैं, तो प्रदूषण की बात होने लगती है। लेकिन जो लोग अपने भ्रष्ट कामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित करते हैं, उनसे कोई सवाल नहीं करता।” उन्होंने बताया कि सरकार ने दिवाली पर पटाखों को लेकर कोई रोक नहीं लगाने का फैसला किया था। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह खुद अयोध्या में आतिशबाजी के बीच मौजूद थे और लोगों के साथ दिवाली मनाई।

2017 से पहले त्योहारों के दौरान दंगों का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के आसपास अक्सर दंगे हो जाते थे। उन्होंने होली, दिवाली, विजयादशमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, क्रिसमस, ईद, गुरु पर्व और मकर संक्रांति जैसे त्योहारों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इन त्योहारों से ठीक पहले तनाव और दंगों की स्थिति बन जाती थी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में लोग त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मना पा रहे हैं।

भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार को लेकर पिछली सरकारों पर हमला

सीएम योगी ने सरकारी नौकरियों में भर्ती को लेकर भी पिछली सरकारों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी के अवसर नहीं मिलते थे। इस वजह से कई प्रतिभाशाली युवा दूसरे राज्यों और देशों में जाकर काम करने को मजबूर हो जाते थे।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के युवाओं में मेहनत और प्रतिभा की कमी नहीं थी, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में भेदभाव और भ्रष्टाचार के कारण उन्हें उचित अवसर नहीं मिल पाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया पर कुछ लोगों और सिंडिकेट का नियंत्रण था। कई मामलों में परीक्षा कोई और देता था, जबकि नौकरी किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाती थी। उन्होंने इस तरह की गड़बड़ियों के लिए प्रशासनिक व्यवस्था को भी जिम्मेदार ठहराया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी के बाद कई मामले अदालतों तक पहुंचते थे और उन पर रोक लग जाती थी। इस दौरान भ्रष्टाचार में शामिल लोग अवैध तरीके से कमाया गया पैसा अपने पास रखते थे और उसे विदेशों के बैंक खातों में जमा कर देते थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय हुआ और प्रदेश को आर्थिक व सामाजिक रूप से नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को बेहतर बनाने और युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर नौकरी देने की दिशा में काम किया गया है।

Exit mobile version