नई दिल्ली: देश में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने FICCI और EY की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि साल 2023 में भारत में वायु प्रदूषण के कारण करीब 20 लाख लोगों की मौत हुई। यह आंकड़ा देश में हुई कुल मौतों का लगभग 22 फीसदी है। उन्होंने कहा कि जहरीली हवा लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है, लेकिन केंद्र सरकार इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है।
जयराम रमेश ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मोदी सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लंबे समय से वायु प्रदूषण और इससे होने वाली मौतों के गंभीर असर को स्वीकार करने से बचती रही है।
जयराम रमेश ने मोदी सरकार से पूछे सवाल
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार संसद के अंदर और बाहर कई ऐसी रिपोर्टों और अध्ययनों को खारिज करती रही है, जिनमें वायु प्रदूषण के कारण होने वाली मौतों का जिक्र किया गया है। सरकार का तर्क रहा है कि ये अध्ययन भारत की परिस्थितियों के हिसाब से नहीं हैं और इनके नतीजों को सीधे भारत पर लागू नहीं किया जा सकता। रमेश ने कहा कि अब FICCI-EY की रिपोर्ट में भी वायु प्रदूषण के खतरनाक प्रभावों को सामने रखा गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में भारत में करीब 20 लाख लोगों की मौत वायु प्रदूषण से जुड़ी थी। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि केवल आर्थिक विकास और कारोबार को आसान बनाने पर ध्यान देने के बजाय लोगों को साफ हवा उपलब्ध कराने को भी प्राथमिकता दी जाए। रमेश ने कहा कि कारोबार करना आसान होना अच्छी बात है, लेकिन लोगों के लिए साफ हवा में सांस लेना उससे भी ज्यादा जरूरी है। उन्होंने PM2.5 कणों को देश के कई हिस्सों में जानलेवा बताया।
जयराम रमेश ने सुझाए प्रदूषण रोकने के तीन बड़े कदम
जयराम रमेश ने वायु प्रदूषण से निपटने के लिए केंद्र सरकार के सामने तीन सुझाव रखे।
1. हवा की गुणवत्ता के नियम सख्त हों: उन्होंने कहा कि PM2.5 और ओजोन के स्तर को लेकर भारत के मौजूदा मानकों को और मजबूत किया जाना चाहिए। इसके लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखना जरूरी है।
2. नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम में बदलाव हो: रमेश ने नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (NCAP) को नए सिरे से तैयार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इसमें खास तौर पर PM2.5 और ओजोन जैसे प्रदूषकों को कम करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
3. नया क्लीन एयर कानून बने: उन्होंने कहा कि साल 1981 के पुराने एयर (प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ पॉल्यूशन) एक्ट की जगह एक नया और व्यापक कानून बनाया जाना चाहिए। इस कानून में लोगों की सेहत को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाए।
दिवाली के बाद दिल्ली की हवा हुई बेहद खराब
गौरतलब है कि दिवाली के अगले दिन सोमवार सुबह दिल्ली की हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई। राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) करीब 400 तक पहुंच गया, जो गंभीर प्रदूषण की स्थिति के करीब है। दिल्ली के कई इलाकों में सुबह घना धुआं और स्मॉग छाया रहा। इसके कारण सड़कों पर विजिबिलिटी भी कम हो गई।
बढ़ते प्रदूषण ने एक बार फिर बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी परेशानियों वाले लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसी प्रदूषण को लेकर अब कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और दिल्ली सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं और साफ हवा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

