
नागपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने संघ की विचारधारा, स्वयंसेवकों की भूमिका और प्रचारकों के समर्पित जीवन पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि संघ की स्थापना के समय से लेकर आज तक स्वयंसेवक ही उसकी सबसे बड़ी पहचान रहे हैं। संघ को आगे बढ़ाने में स्वयंसेवकों की मेहनत, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण की अहम भूमिका रही है।
मोहन भागवत सोमवार को नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के नवीनीकृत मुख्यालय में बनाए गए नए ऑडिटोरियम का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने संघ के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी सुनाया।
भागवत ने बताया कि 1930 के दशक में जब सेंट्रल प्रोविंसेज की विधानसभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश हुई थी, तब संघ के समर्थन में कोई स्वयंसेवक सामने नहीं आया था। उस समय इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संघ के पक्ष में आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि इब्राहिम ने विधानसभा में यह बात रखी थी कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि वह सांप्रदायिक संगठन नहीं है। भागवत के मुताबिक, उस समय संघ बहुत ज्यादा प्रसिद्ध नहीं था, लेकिन डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को लोग जानते थे। उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार अच्छे इंसान थे और उनके व्यक्तित्व को देखते हुए संघ को सांप्रदायिक नहीं कहा जा सकता।
मोहन भागवत ने कहा कि जब संघ की शुरुआत हुई थी, तभी से स्वयंसेवक उसकी पहचान बन गए थे। आज संघ को 100 साल पूरे होने के बाद भी उसकी पहचान स्वयंसेवकों से ही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसी संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। स्वयंसेवक अपने काम, व्यवहार और समाज के प्रति जिम्मेदारी के जरिए संगठन की पहचान बनाते हैं।
कार्यक्रम में प्रचारकों के जीवन पर लिखी जा रही एक किताब का जिक्र करते हुए भागवत ने कहा कि प्रचारकों के बारे में लिखने का उद्देश्य किसी तरह का निजी या आर्थिक फायदा उठाना नहीं है। बल्कि उनके प्रति प्रेम, सम्मान और आभार व्यक्त करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रचारक इस उम्मीद से काम नहीं करता कि उसे बदले में कुछ मिलेगा। प्रचारक के लिए संघ ही सब कुछ होता है। वह अपना पूरा जीवन संगठन और समाज के काम में लगा देता है। भागवत ने कहा कि प्रचारकों की निष्ठा और समर्पण को केवल शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। इसे वही लोग सही मायने में समझ सकते हैं, जिन्होंने उनके साथ समय बिताया हो और उनके काम को करीब से देखा हो।
भागवत ने स्वयंसेवक के जीवन को सामान्य जीवन से अलग बताते हुए कहा कि यह ऐसा रास्ता है, जिस पर चलने के लिए कई बार अपनी इच्छाओं और निजी हितों को पीछे छोड़ना पड़ता है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे स्वयंसेवक के मन में यही सवाल रहता है कि वह समाज के लिए कितना अच्छा काम कर सकता है। उसके जीवन में निजी स्वार्थ, अहंकार और किसी तरह की व्यक्तिगत उम्मीद नहीं होनी चाहिए।
हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि हर स्वयंसेवक इन आदर्शों पर पूरी तरह खरा नहीं उतर पाता। सभी लोगों के काम करने का तरीका और समर्पण का स्तर अलग-अलग हो सकता है, लेकिन उनका लक्ष्य और दिशा समाज की सेवा करना ही रहता है। अपने संबोधन के अंत में भागवत ने स्वयंसेवकों के अनुशासन, त्याग और समाज के प्रति जिम्मेदारी को संघ की सबसे बड़ी ताकत बताया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...