नई दिल्ली: देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बुधवार (11 नवंबर) सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के मुताबिक, वह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, 75 वर्षीय जगदीप धनखड़ को दिल्ली AIIMS के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती किया गया है। यहां कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी सेहत की जांच कर रहे हैं और उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जगदीप धनखड़ रोजाना की तरह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि वह कुछ मिनट तक बेहोश रहे। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उनकी मदद की और उन्हें पीसीआर वाहन से घर पहुंचाया। घर पहुंचने के बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए मेडिकल टीम को बुलाया गया। इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (ILBS) की मेडिकल टीम और AIIMS के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच की। इस दौरान उन्हें शुरुआती चिकित्सा सहायता भी दी गई।
बेहतर इलाज के लिए दिल्ली AIIMS ले जाया गया
शुरुआती इलाज के बाद भी उनकी तबीयत को लेकर चिंता बनी हुई थी। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए दिल्ली AIIMS ले जाया गया। अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में उन्हें भर्ती किया गया है। फिलहाल कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और इलाज कर रहे हैं। उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। हालांकि, उन्हें किस वजह से बेहोशी आई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
स्वास्थ्य को लेकर AIIMS की ओर से आधिकारिक बयान नहीं
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी तक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। AIIMS प्रशासन की ओर से भी फिलहाल कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। ऐसे में उनकी तबीयत को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
अगस्त 2022 में बने थे देश के 14वें उपराष्ट्रपति
जगदीप धनखड़ देश के 14वें उपराष्ट्रपति रह चुके हैं। उन्होंने अगस्त 2022 में उपराष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह पश्चिम बंगाल के राज्यपाल भी रह चुके हैं। उन्होंने जुलाई 2025 में उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके अचानक अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।

