Site icon Dainik Savera Times

लॉरेंस बिश्नोई का करीबी गैंगस्टर हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में लिया गया

वाशिंगटनः गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी माने जाने वाले हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। हरियाणा एसटीएफ के मुताबिक, हैरी बॉक्सर हरियाणा के मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में शामिल है। वह लंबे समय से अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा था और गैंग की गतिविधियों को वहीं से चला रहा था। हरियाणा एसटीएफ के अनुसार, हैरी बॉक्सर विदेश में रहकर गैंग के संपर्क में था और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने में उसकी अहम भूमिका रही है। उसकी गिरफ्तारी को गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी
हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद चर्चा में आया था। इस घटना की जिम्मेदारी हैरी बॉक्सर ने ही ली थी। फायरिंग के बाद उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की थी और ऑडियो संदेश के जरिए बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकी भी दी थी। इस घटना के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई थीं। हैरी बॉक्सर की ओर से दी गई धमकियों को भी गंभीरता से लिया गया था।

हत्या और रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज
हैरी बॉक्सर के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, जान से मारने की धमकी देने और धमकाकर रंगदारी वसूलने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। हरियाणा पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। वह भारत से बाहर रहकर गैंग की गतिविधियों को संचालित कर रहा था। अब अमेरिका में उसे हिरासत में लिए जाने के बाद भारतीय एजेंसियों की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए बड़ी कार्रवाई
हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया जाना लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वह विदेश में बैठकर गैंग की गतिविधियों को आगे बढ़ा रहा था। ऐसे में उसकी हिरासत से गैंग के नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

 

Exit mobile version