नेशनल डेस्क: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां, हिमाचल प्रदेश के चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल रोडवेज परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बस कहां से कहां जा रही थी
यह बस हिमाचल रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) की थी। बस सुबह करीब 6:30 बजे हिमाचल प्रदेश के चौपाल डिपो से चली थी। यह नेरवा, मीनस, क्वानू और हरिपुर होते हुए पांवटा साहिब जा रही थी। हादसे के समय बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे।
हादसा कैसे हुआ
यह दुर्घटना सुबह लगभग 10 बजे मीनस–क्वानू–हरिपुर मार्ग पर सुदोई खड्ड के पास हुई। बताया जा रहा है कि सामने से एक ट्रक आ रहा था। बस चालक उसे साइड देने की कोशिश कर रहा था। तभी सड़क का किनारा (पुश्ता) अचानक धंस गया। इससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह कई बार पलटती हुई गहरी खाई में गिर गई। आखिर में बस नीचे खड्ड में जाकर फंस गई।
#WATCH उत्तराखंड | देहरादून जिले के कालसी इलाके में यात्रियों से भरी एक बस खाई में गिर गई। SDRF की टीमें दुर्घटनास्थल पर मौजूद हैं और तलाशी और बचाव अभियान चला रही हैं।
(वीडियो सोर्स: SDRF) pic.twitter.com/TurZ8a3kka
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 3, 2026
कितने लोग हुए घायल
इस भयानक हादसे में 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कुछ घायलों की हालत अभी भी नाज़ुक बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद आसपास के गांवों के लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना की जांच शुरू
प्रशासन ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि सड़क धंसने की वजह क्या थी और क्या इसमें लापरवाही भी शामिल थी।
इलाके में शोक का माहौल
इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोग और प्रशासन मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जता रहे हैं।

