वेलिंगटन: भारत और न्यूजीलैंड के बीच हेनरी स्टेडियम, वेलिंगटन में 5 टी20 मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है।
टॉस जीतने के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, “हम गेंदबाजी करेंगे। कुछ चीजों में हमें सुधार करना होगा। हमें कंडीशन के हिसाब से जल्दी ढलना होगा। यही हमारे लिए अच्छा होगा। टीम में कोई बदलाव नहीं है।”
भारतीय टीम ने पिछले दोनों मैच लक्ष्य का पीछा करते हुए जीते हैं। यही वजह है कि श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर एक बार फिर से गेंदबाजी चुनी है। ईशान किशन इंजरी की वजह से इस मैच की प्लेइंग इलेवन का भी हिस्सा नहीं हैं। उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी टीम में हैं और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। पिछले मैच में वैभव का बल्ला नहीं चला था। इसलिए इस मैच में वे अपने मौके का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर ने कहा, “विकेट अच्छा लग रहा है, इसमें गति और बाउंस है। हवा नहीं चल रही है, जो अच्छी बात है। जहां से हम आए हैं, वहां से फील्ड का साइज थोड़ा अलग है। इंडिया एक बेहतरीन टीम है। टीम में तीन बदलाव हैं। मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन और नाथन स्मिथ बाहर हैं। उनकी जगह मैथ्यू फिशर, काइल जैमीसन और एडम मिल्ने को टीम में शामिल किया गया है।” भारतीय टीम शुरुआती 2 मैच जीतकर सीरीज में 2-0 से आगे है। टीम इंडिया इस मैच को जीतकर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त लेने की कोशिश करेगी।
भारत की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर।

