
पंजाब डेस्क: पंजाब से बिहार जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। यह घटना पंजाब के पटियाला जिले में सराय वंजारा गांव के पास हुई। उस समय ट्रेन राजपुरा की ओर जा रही थी। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में ट्रेन की कई बोगियां आ गईं। हालांकि, राहत की बात यह है कि समय रहते यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकाल लिया गया और अब तक किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर अलार्म बजाया गया, जिसके बाद यात्री सतर्क हो गए और अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतरने लगे। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में यात्री रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षित स्थानों पर खड़े दिखाई दिए।
पटियाला के डीसी हिमांशु अग्रवाल ने इस घटना को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन की पैंट्री में सबसे पहले आग लगी थी। इसके बाद आग ने आसपास की कुछ अन्य बोगियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। डीसी ने बताया कि आग लगने के बाद फायर अलार्म बजा, जिससे यात्रियों को समय रहते खतरे का पता चल गया। इसके बाद सभी लोग ट्रेन से बाहर निकल आए। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ट्रेन में आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें ट्रेन की बोगियों से उठता हुआ घना धुआं दूर तक दिखाई दे रहा है। वीडियो में यात्री डर के कारण ट्रेन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर खड़े नजर आ रहे हैं। शुरुआत में आग की चपेट में यात्रियों के आने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन बाद में प्रशासन की ओर से राहत की जानकारी दी गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने की घटना को रेलवे ने गंभीरता से लिया है। रेलवे की ओर से मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में आग लगने के कारणों और घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती जानकारी में पैंट्री से आग शुरू होने की बात सामने आई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
इन दिनों त्योहारों का सीजन चल रहा है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाने और त्योहार मनाने के लिए ट्रेनों से सफर कर रहे हैं। इस वजह से ज्यादातर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ भी देखी जा रही है। ऐसे समय में चलती ट्रेन में आग लगने की घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, फायर अलार्म समय पर बजने और यात्रियों के सतर्क होने से बड़ा हादसा टल गया। अब सभी की नजर रेलवे की जांच रिपोर्ट पर है, जिससे आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...