अमृतसरः डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए एक दिन की अंतरिम जमानत मिली है। वहीं, उनके वकील ने अदालत में बताया कि अमृतपाल की दादी माता चरण कौर का निधन हो गया है। परिवार की ओर से तय धार्मिक और पारिवारिक रस्मों में शामिल होने के लिए अमृतपाल सिंह, हरजीत सिंह और सुखमनदीप सिंह की ओर से 14 से 17 नवंबर तक अंतरिम जमानत मांगी गई थी।
वकील कर्मवीर सिंह के अनुसार, माता चरण कौर का अंतिम संस्कार 14 नवंबर को किया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 15 नवंबर को अस्थियों का जल प्रवाह होगा और श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ किया जाएगा। वहीं, 17 नवंबर को भोग और अंतिम अरदास का कार्यक्रम रखा गया है। वकील ने कहा कि इन कार्यक्रमों में परिवार के सदस्यों की मौजूदगी जरूरी है।

