काठमांडू। मध्य नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक इलेक्ट्रिक यात्री वाहन के गहरी खाई में गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। एक वरिष्ठ सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दो बच्चों समेत 10 लोगों की मौत
रिपोर्ट के अनुसार, जिले के भीमफेदी ग्रामीण नगर पालिका-6 के चिसापानी गढ़ी में गुरुवार तड़के एक वाहन सड़क से लगभग 700 मीटर नीचे खाई में गिर गया। इस हादसे में पांच पुरुष, तीन महिलाओं और दो बच्चों समेत 10 की मौत हो गई। जिले में तैनात एपीएफ के पुलिस अधीक्षक निवान कुमार खड़का ने आईएएनएस को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है।
एपीएफ के अनुसार, यात्री वाहन में 15 लोग सवार थे और यह राजधानी काठमांडू से दक्षिणी सर्लाही जिले के मुख्यालय मलंगवा जा रहा था। खड़का ने बताया कि घायलों में से तीन का इलाज बागमती प्रांत की राजधानी स्थित हेटौडा अस्पताल में चल रहा है। सुबह-सुबह हादसे की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया। खड़का ने बताया, “घटनास्थल के आसपास शव बिखरे हुए थे, 10 लोगों की मौत की पुष्टि तुरंत हो गई थी।” उन्होंने कहा कि अभी तक हादसे के कारण का पता नहीं चल पाया है।
सड़क हादसों में 2,707 लोगों की जान गई
नेपाल पुलिस के अनुसार, 2025-26 (जुलाई मध्य तक) के दौरान सड़क हादसों में 2,707 लोगों की जान गई। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, देश में हर दिन औसतन सात लोगों की सड़क हादसों में मौत होती है और 82 लोग घायल होते हैं। नेपाल में विश्व बैंक के एक अध्ययन से पता चला है कि सड़क हादसों में होने वाली चोटों की आर्थिक लागत 2007 के मुकाबले तीन गुना बढ़ गई है, जो देश के सकल राष्ट्रीय उत्पाद (जीएनपी) के 1.5 प्रतिशत के बराबर है।
विश्व बैंक के अनुसार, नेपाल में सड़क हादसों का सबसे ज्यादा खामियाजा निम्न आय वर्ग के लोगों को उठाना पड़ता है। सड़क हादसों में जान गंवाने वालों में 70 प्रतिशत से अधिक वे लोग हैं जो सड़क पर सबसे ज्यादा असुरक्षित होते हैं। इनमें पैदल चलने वाले, साइकिल सवार और मोटरसाइकिल सवार शामिल हैं।

