Site icon Dainik Savera Times

राजस्थान में गरीब रथ एक्सप्रेस हादसाग्रस्त, इंजन में लगी आग; 6 घंटे से ट्रैक जाम… जानें लेटेस्ट अपडेट्स

Rajasthan Accident News

राजस्थान डेस्क: राजस्थान के पाली जिले में शनिवार सुबह गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर-12216) के इंजन में अचानक आग लग गई। हादसा अलसुबह 3 बजे सेंदड़ा (ब्यावर) रेलवे स्टेशन से ट्रेन के गुजरने के दौरान हुआ। आग लगने की सूचना मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। सबसे पहले लोको पायलट को इंजन के दूसरे हिस्सों में धुआं दिखाई दिया था। इसके बाद तुरंत पैसेंजर्स को अलर्ट करके नीचे उतारा गया। आग की वजह से अजमेर-ब्यावर ट्रैक पर संचालन बंद कर दिया गया।

हादसे को 6 घंटे बीत चुके हैं, अभी तक ट्रैक को खोला नहीं गया है। आग की सूचना के बाद रेलवे की इंजीनियरिंग और सिक्योरिटी टीमें सेंदड़ा स्टेशन पर पहुंचीं। आग लगने के प्राथमिक कारणों का खुलासा हो गया है। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट और तकनीकी खराबी के चलते आग लगी। किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है।

मुंबई और दिल्ली के बीच चलती है यह ट्रेन

रेलवे के अनुसार सभी यात्रियों को दूसरे विकल्पों के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचाया गया है। रेलवे प्रशासन इंजन को हटाकर ट्रैक को साफ करने में जुटा है। अधिकारियों के अनुसार यातायात को सामान्य करने में समय लग सकता है। ट्रेनों की आवाजाही को जल्द सुचारू कर दिया जाएगा। गरीब रथ एक्सप्रेस मुंबई के बांद्रा स्टेशन से रवाना होती है। इसका गंतव्य स्थान दिल्ली का सराय रोहिल्ला जंक्शन है।

ट्रेन में सवार थे 500 यात्री

बता दें कि शुक्रवार रात को आबू रोड से यह ट्रेन लगभग साढ़े 11 बजे रवाना हुई थी। इसके बाद लगभग पौने 4 बजे अजमेर पहुंची। गौरतलब है कि सेंदड़ा स्टेशन ट्रेन के रुकने का ऑफिशियल स्टॉपेज नहीं है। यहां से गुजरने के दौरान गाड़ी की स्पीड कम थी, इस वजह से लोको पायलट की नजर धुएं पर पड़ गई। इसकी वजह से ट्रेन को समय रहते रोक दिया गया। मौके पर ट्रेन में लगभग 500 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि आग को डिब्बों तक पहुंचने से पहले ही काबू पा लिया गया।

Exit mobile version