Site icon Dainik Savera Times

UP BJP New President : भाजपा उत्तर प्रदेश के नए चाैधरी बने पंकज, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया ऐलान

यूपी डेस्क। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए प्रदेश अध्यक्ष का औपचारिक ऐलान कर दिया गया है। पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया है। इस घोषणा की जानकारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दी। इससे पहले पंकज चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। उनके नामांकन प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री शामिल थे।

निर्विरोध चुने गए पंकज चौधरी
पंकज चौधरी के खिलाफ किसी भी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया। इसी कारण उन्हें निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

पार्टी की जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएंगे
प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा था कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे वह पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।

ये भी देखेंः Parminder Dhindsa ਨੇ ਆਪਣੇ ਜੱਦੀ ਪਿੰਡ ਉੱਭਾਵਾਲ ‘ਚ ਪਾਈ ਆਪਣੀ ਵੋਟ, ਲੋਕਾਂ ਨੂੰ ਘਰੋਂ ਨਿਕਲ ਕੇ ਵੋਟ ਪਾਉਣ ਦੀ ਕੀਤੀ ਅਪੀਲ

गोरखपुर बना सत्ता का नया केंद्र
पंकज चौधरी के यूपी बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि उत्तर प्रदेश में सत्ता का पावर सेंटर अब गोरखपुर बन गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी गोरखपुर से आते हैं और अब प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष भी गोरखपुर से ही हैं। ऐसे में गोरखपुर का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है।

2027 चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक फैसला
उत्तर प्रदेश में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले बीजेपी ने पंकज चौधरी को प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजय रथ का सारथी बनाकर मैदान में उतारा है।

कुर्मी वोट बैंक पर बीजेपी की नजर
पंकज चौधरी कुर्मी जाति से आते हैं, जो कि ओबीसी वर्ग में आती है। उत्तर प्रदेश में कुर्मी समाज की आबादी 8 प्रतिशत से ज्यादा मानी जाती है। प्रदेश की लगभग 50 विधानसभा सीटों पर कुर्मी वोटर जीत और हार में अहम भूमिका निभाते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान कुर्मी वोटर्स का एक हिस्सा बीजेपी से दूर हुआ था। अब पार्टी इस वर्ग को दोबारा अपने पक्ष में लाने की रणनीति पर काम कर रही है, जिसके लिए पंकज चौधरी को आगे किया गया है।

 

 

लंबा राजनीतिक अनुभव रखते हैं पंकज चौधरी
पंकज चौधरी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत नगर निगम पार्षद के रूप में की थी। इसके बाद वे लगातार राजनीति में आगे बढ़ते गए। वे अब तक 7 बार सांसद रह चुके हैं और केंद्र सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। अब उन्हें उत्तर प्रदेश बीजेपी की पूरी कमान सौंप दी गई है।

2027 चुनाव पंकज चौधरी के लिए बड़ी परीक्षा
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद 2027 का विधानसभा चुनाव पंकज चौधरी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। संगठन को मजबूत करना, सामाजिक समीकरण साधना और चुनावी रणनीति तैयार करना उनकी सबसे बड़ी चुनौती होगी।

ये भी पढ़ेंः Lionel Messi को भारत बुलाने वाले सताद्रु दत्ता गिरफ्तार, हंगामे पर बोले- दर्शकों के पैसे लौटाए जाएंगे

Exit mobile version