Site icon Dainik Savera Times

चंदन मिश्रा हत्याकांड में बादशाह गिरफ्तार, इस राज्य में छिपे थे हत्यारोपी; कौन है शूटरों में शामिल महिला?

Chandan Mishra murder case

बिहार डेस्क: बिहार की राजधानी पटना के पारस अस्पताल में हुए चंदन मिश्रा हत्याकांड के मामले में एसटीएफ को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बादशाह को दबोच लिया है। आरोपी को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से पकड़ा गया है। मामले में पुलिस ने हरीश सिंह, सचिन सिंह और युनूस खान समेत एक महिला को भी गिरफ्तार किया है। इस महिला की भी हत्याकांड में बड़ी भूमिका रही है।

चंदन की हत्या में शेरू नाम के एक शख्स का हाथ मिला है। पुलिस ने तौसीफ की तलाश में सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल एक्सपर्ट्स की मदद भी ली है। गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ सामने नहीं आया है। 5 आरोपियों को पहले गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई थी। सूत्रों के मुताबिक आरोपियों से एक सफेद रंग की कार भी जब्त की गई है। ये सभी आनंदपुर के एक गेस्ट हाउस में छिपे थे।

कई जगह पुलिस की रेड

बीते शुक्रवार से ही बिहार पुलिस बंगाल में रेड कर रही है। पुलिस को कई लोगों की भूमिका का पता लगा है जो तौसीफ और उसके साथियों की मदद कर रहे थे। रेड के दौरान तौसीफ ने भागने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। चंदन की हत्या का मास्टरमाइंड ओमकार सिंह उर्फ शेरू है।

चंदन पर नजर रखने के लिए शेरू ने उसके खास आदमी से दोस्ती की थी। वह जेल में ही मर्डर करवाना चाह रहा था, लेकिन यह आसान नहीं था। इसके बाद ही शेरू ने तौसीफ आदि के साथ मिलकर प्लानिंग की थी।

पुरुलिया जेल में बंद है शेरू

शेरू फिलहाल पुरुलिया जेल में बंद है। चंदन को जब इलाज की जरूरत पड़ी तो शेरू ने उसके खास आदमी के जरिए उसे पारस अस्पताल की सलाह दी थी। पारस अस्पताल में चंदन का मर्डर करना आसान था, इसकी सलाह तौसीफ ने शेरू को दी थी। शेरू ने तय प्लानिंग के साथ चंदन का काम तमाम करवाया। चंदन के अस्पताल में एडमिट होते ही तौसीफ और उसके शूटर सक्रिय हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज में तौसीफ की सभी हरकतें कैद हो गई थीं।

Exit mobile version