Site icon Dainik Savera Times

Delhi: जामा मस्जिद थाने में चाकू से हमला, पांच पुलिसकर्मी घायल; जवाबी फायरिंग में आरोपी को लगी गोली

Policemen attacked with knife at Jama Masjid police station, five injured

Policemen attacked with knife at Jama Masjid police station, five injured

दिल्ली: राजधानी के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर एक युवक ने पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के लिए एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। पुलिस ने आरोपी को चितली कबर इलाके में घेरने की कोशिश की, लेकिन उसने दोबारा पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी।

पारिवारिक विवाद की शिकायत पर थाने बुलाया गया था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान नबील (25) के रूप में हुई है। उसे अपनी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे थाने में उससे पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान नबील ने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई।

तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर

घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत संजीवन अस्पताल ले जाया गया। इनमें से तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज संजीवनी अस्पताल में चल रहा है।

थाने से फरार होकर लूटा दोपहिया वाहन

पुलिस पर हमला करने के बाद आरोपी जामा मस्जिद थाने से फरार हो गया। भागने के लिए उसने एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। इसके बाद सेंट्रल जिले की ऑपरेशंस यूनिट की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को चितली कबर इलाके में ट्रैक कर लिया। जब पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने एक बार फिर पुलिस पर हमला कर दिया।

पुलिस की फायरिंग में आरोपी घायल

पुलिस के अनुसार, आरोपी के दोबारा हमला करने के बाद पुलिस टीम ने उसे काबू में करने और खतरे को रोकने के लिए फायरिंग की। इस दौरान नबील के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद उसे काबू में कर लिया गया। फिलहाल घायल आरोपी और पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Exit mobile version