Last Updated: November 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

बंगाल सरकार का बड़ा फैसला, पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर होगा ‘पश्चिम बंग’

November 23, 2026

बंगाल सरकार का बड़ा फैसला, पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर होगा ‘पश्चिम बंग’

कोलकाता: पश्चिम बंगाल का नाम बदलने को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य का नाम अंग्रेजी में भी ‘वेस्ट बंगाल’ की जगह ‘पश्चिम बंग’ किया जाएगा। राज्य कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब 9 दिसंबर को विधानसभा में नाम बदलने से जुड़ा प्रस्ताव पेश किया जाएगा।

कोलकाता स्थित राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि राज्य के नाम में बदलाव का संबंध 1947 में हुए भारत-पाकिस्तान विभाजन और पश्चिम बंगाल के गठन के इतिहास से है। उन्होंने कहा कि राज्य की ऐतिहासिक पहचान को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा में प्रस्ताव पास होने के बाद इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। इसके बाद संसद में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दरअसल, भारतीय संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत किसी भी राज्य का नाम बदलने के लिए संसद की मंजूरी और कानून बनना जरूरी है।

पहले भी कई बार उठ चुकी है नाम बदलने की मांग

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की मांग नई नहीं है। पिछले एक दशक से अधिक समय से इस मुद्दे पर चर्चा होती रही है। साल 2011 में राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ या ‘पश्चिम बंगो’ रखने का प्रस्ताव सामने आया था, लेकिन केंद्र सरकार से इसे मंजूरी नहीं मिली।

इसके बाद तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार ने साल 2016 से इस दिशा में दोबारा प्रयास शुरू किए। जुलाई 2018 में विधानसभा में राज्य का नाम ‘बांग्ला’ रखने का प्रस्ताव भी पारित किया गया था। हालांकि, केंद्र सरकार ने उस प्रस्ताव को भी मंजूरी नहीं दी थी। अब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने अंग्रेजी में भी राज्य का नाम ‘पश्चिम बंग’ रखने का प्रस्ताव तैयार किया है। सरकार का कहना है कि इससे राज्य के नाम और उसकी ऐतिहासिक पहचान के बीच बेहतर संबंध स्थापित होगा।

कैबिनेट बैठक में 10,146 सरकारी भर्तियों को मंजूरी

नाम बदलने के प्रस्ताव के अलावा सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में रोजगार और जनकल्याण से जुड़े कई अहम फैसले भी लिए गए। राज्य सरकार ने अलग-अलग सरकारी विभागों में कुल 10,146 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। यह फैसला सरकार के बड़े भर्ती अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत एक लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके साथ ही बेरोजगार युवाओं को राहत देते हुए सरकार ने भर्ती परीक्षाओं की फीस माफ करने का फैसला किया है। अब राज्य सरकार की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले बेरोजगार उम्मीदवारों की परीक्षा फीस सरकार की ओर से जमा की जाएगी। इससे नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को आर्थिक राहत मिलेगी।

गौशालाओं को मिलेगी एक लाख रुपये की आर्थिक मदद

कैबिनेट ने गोकुल मिशन के तहत गौशालाओं को आर्थिक सहायता देने का भी फैसला किया है। इस योजना के अंतर्गत पात्र गौशालाओं को एक लाख रुपये की मदद दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य गौशालाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उनके संचालन में सहायता देना है।

4 दिसंबर से शुरू होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र

कैबिनेट बैठक में पश्चिम बंगाल विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीख भी तय कर दी गई है। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होगा। सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस सत्र के दौरान कुल आठ विधेयक पेश किए जाने की योजना है।इस तरह सोमवार की कैबिनेट बैठक में राज्य के नाम में बदलाव, सरकारी नौकरियों, बेरोजगार युवाओं को राहत, गौशालाओं को आर्थिक सहायता और विधानसभा के आगामी सत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें