शिलॉन्ग में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड में रोजाना चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। राजा रघुवंशी मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले थे। हत्या की साजिश मृतक की पत्नी ने रची थी। शिलॉन्ग ले जाकर वारदात को सुनियोजित ढंग से अंजाम दिया गया। मामला लगातार नया मोड़ ले रहा है।
पुलिस जांच में चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं। पुलिस जांच में हवाला और बेशुमार कमाई करने वाले छिपे किरदारों के कनेक्शन भी सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता लगा है कि सोनम के पिता की प्लाईवुड कंपनी में राज कुशवाहा नाम का जो शख्स काम करता था, वह हवाला के कारोबार से जुड़ा था।
सोनम भी करती थी हवाला कारोबार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोनम भी उसके साथ जुड़ी हुई थी। पिछले 8 महीनों की बात करें तो दोनों ने इसके जरिए लाखों रुपये की कमाई की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस को कुछ सबूत हाथ लगे हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम को राज के मोबाइल से 10 रुपये के फटे नोटों के कुछ फोटो मिले हैं।
छोटी रकम करते थे ट्रांसफर
सूत्रों के मुताबिक 10, 50 और 100 रुपये के फटे नोटों का प्रयोग हवाला कारोबार में 2 पार्टियों के बीच पहचान करवाने के लिए किया जाता है। पुलिस को शक है कि इन फोटोज के जरिए सोनम और राज ने मोटा पैसा कमाया। सोनम और राज मिलकर छोटी-छोटी रकम इधर-उधर कर पैसे कमाते थे।
5 आरोपी गिरफ्तार
सूत्रों के मुताबिक सोनम अपने मौसेरे भाई जितेंद्र रघुवंशी के बैंक खातों का प्रयोग करती थी। छोटी रकम होने की वजह से कोई शक नहीं करता था। सोनम ब्रांडेड चीजों की शौकीन है। शौक पूरे करने के लिए ही वह यह कारोबार करती थी। हत्या मामले में अब तक पुलिस 5 लोगों को अरेस्ट कर चुकी है।
सुपारी किलिंग की आशंका नहीं
पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि विशाल चौहान, आनंद कुर्मी और आकाश ठाकुर ने हत्या के एवज में किसी प्रकार की सुपारी नहीं ली थी। राज ने इन लोगों को शिलॉन्ग भेजा था, खर्च के लिए 50 हजार रुपये दिए गए थे। राजा को मारने से पहले सोनम ने पति के पर्स से 15 हजार रुपये कैश निकाले थे।

